बीकानेर

दीपावली के अवसर पर पूरे शहर में न नई लाइटें लग रही, ना ही पुरानी ठीक हुई

दीपावली के अवसर पर पूरे शहर में एलईडी लाइटें लगाने और पुरानी लाइटों के ठीक होने को लेकर अब भी संशय बना हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 19 Oct 2017, 11:33 AM IST
Feature image

बीकानेर. दीपावली के अवसर पर पूरे शहर में एलईडी लाइटें लगाने और पुरानी लाइटों के ठीक होने को लेकर अब भी संशय बना हुआ है। विपक्षी पार्षदों सहित कुछ सत्ता पक्ष के पार्षद भी बुधवार को लाइट व्यवस्था को लेकर नाराज दिखाई दिए। कुछ भाजपा पार्षदों ने भी दीपावली के बावजूद लाइटें नहीं लगाने पर नाराजगी जताई। वहीं नेता प्रतिपक्ष जावेद पडि़हार ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन और महापौर शहर में लाइटें लगवाने में विफल साबित हुए हैं।

पडि़हार ने आरोप लगाया कि दीपावली के बावजूद शहर में न तो नई एलईडी लाइटें लग रही हैं और ना ही पुरानी लाइटें ठीक हो रही हैं। रात को सड़कों व गलियों में अंधेरा छाया रहता है और आमजन परेशान है। पडि़हार ने आरोप लगाया कि बुधवार को विद्युत शाखा के अधिकारी फोन बंद कर बैठे रहे, वहीं पार्षद और आमजन लाइटों को लेकर परेशान होते रहे। निगम भण्डार स्थित विद्युत शाखा में पहुंचे पार्षदों और लोगों को विद्युत शाखा के अधिकारी नहीं मिले।

अंधेरा मिटाने में नाकाम
आश्वासन के बावजूद दीपावली पर शहर में एलईडी लाइटें नहीं लग पाने पर पार्षद जावेद पडि़हार ने महापौर से इस्तीफे की मांग की है। पडि़हार ने कहा कि महापौर लगातार दूसरे वर्ष दीपावली के मौके पर शहर में लाइटें लगवाने व गलियों-सड़कों के अंधेरे को मिटाने में नाकाम साबित हुए हैं।

पोल पर नहीं लाइट
निगम की लडख़ड़ाई प्रकाश व्यवस्था के चलते बुधवार को भी शहर में कई स्थानों पर अंधेरा रहा। विद्युत पोल पर लाइटों के नहीं होने, स्विच वायर की कमी तथा पुरानी लाइटों के खराब होने से शहर के बाहरी क्षेत्रों की कॉलोनियों, कई सड़कों तथा गलियों में अंधेरा रहा। आमजन अंधेरे के कारण परेशान रहे।

शहीदों के परिजनों को दी दीपोत्सव की बधाई
बीकानेर. भाजपा जूनागढ मंडल की ओर से जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य के नेतृत्व में बुधवार को शहीद परिवारों के परिजनों से मुलाकात कर मुंह मीठा करवाया गया। भाजपा जूनागढ़ मंडल अध्यक्ष विजयसिंह पडि़हार ने बताया कि मंडल कार्यकर्ताओं ने शहीद परिवार से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा दीपोत्सव की बधाई दी।

भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने कहा कि शहीदों एवं उनके परिजनों के प्रति भाजपा पार्टी श्रद्धा एवं गौरव का भाव रखती है। मंडल प्रवक्ता मनीष आचार्य ने बताया कि आज के कार्यक्रम में शहीद मेजर जेम्स थॉमस की माताजी मैरी कुटटी और जेम्स की दोनों बेटियों, शहीद राइफलमैन सत्यवीर सिंह के पुत्र राजवीर सिंह, शहीद कैप्टन चन्द्र चौधरी के परिजन, अशोक चक्र विजेता शहीद सज्जन कुमार की पत्नी कौशल्या देवी, शहीद परसाराम जाट के परिजन मगनी देवी एवं शहीद रणवीर सिंह के परिजनों से मुलाकात की गई।

Published on: