
बीकानेर. ट्रेन के कोच में सफाई कैसी है, इसके लिए रेलवे यात्रियों से अब ऑनलाइन फीडबैक ले रहा है। ट्रेनों में सफाई करने वाले कर्मचारियों के वेतन का निर्धारण इसी फीडबैक के आधार पर होगा। इसके लिए सभी सफाईकर्मियों को टैबलेट डिवाइस दिए गए हैं, जिनमें यात्रियों से सफाई को लेकर सुझाव मांगे जाएंगे।
इसमें यात्री के पीएनआर व मोबाइल नम्बर होंगे। इसमें यदि यात्री सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं होंगे तो सफाई कर्मचारियों के वेतन से कटौती की जाएगी। बीकानेर मंडल से चलने वाली 22 ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू की गई है। यात्रियों से फीडबैक लेने की नई व्यवस्था लागू होने से इसका निस्तारण भी तुरंत हो जाता है। रेलवे अधिकारी इसको ऑनलाइन देख सकते हैं। फीडबैक के आधार पर ही सफाई कार्मिकों को 30 प्रतिशत रेटिंग मिलेगी। इस बीच जिन कार्मिकों की 85 प्रतिशत से रेटिंग नीचे रहेगी, उनके वेतन से कटौती की जा सकती है।
पहले भरवाते थे फॉर्म
पूर्व में यात्रियों से फॉर्म भरवाए जाते थे, इसमें कई बार रेलवे को असल फीडबैक नहीं मिल पाता था। इस कारण अब डिवाइस टैबलेट दिए गए हैं। साथ ही एक रूट में सफाई कार्मिकों की तीन स्टेशनों पर बायोमेट्रिक उपस्थिति लगती है।
मिल रहा फायदा
नई व्यवस्था लागू होने से यात्रियों से वास्तविक फीडबैक सामने आ रहा है। फिलहाल किसी तरह की शिकायतें सामने नहीं आई है। टैबलेट डिवाइस के कारण काफी सहूलियत हो रही है।
अभय शर्मा, वरिष्ठ वाणिज्य मंडल प्रबंधक, बीकानेर
आज से दमखम दिखाएंगे राज्यभर के भारोत्तलक
बीकानेर. जिला पावर लिफ्टिंग संगम के बैनर तले राज्य स्तरीय सीनियर पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता 23 व 24 जुलाई को नत्थूसर गेट स्थित जोशी बगरची में होगी। इसमें राज्यभर के भारोत्तलक अपना दमखम दिखाएंगे। सचिव नागेश सिंह चौहान ने बताया कि पुरुष व महिला वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 250 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इनमें अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले 20 खिलाड़ी भी शामिल हैं। चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कृत कि या जाएगा। इसमें विजेता रहे प्रतिभागी 21 से 25 अगस्त तक तमिलनाडु में होने वाली राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में 22 जिलो से 300 से अधिक पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में 20 अन्तराष्ट्रीय खिलाड़ी शिरकत करेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन सुबह नौ बजे होगा।