
स्वाइन फ्लू का फिलहाल कोई मरीज सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए पीबीएम अस्पताल ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। अस्पताल प्रशासन ने डी वार्ड को सीजनल वार्ड के रूप में आरक्षित किया है। साथ ही स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के लिए अलग से सैंपल लेने की व्यवस्था भी की जा रही है। राजस्थान से बाहर स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आने के बाद राज्य में सतर्कता बढ़ाई गई है, जिसके मद्देनजर पीबीएम प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया ने बताया कि पीबीएम में अभी तक स्वाइन फ्लू का कोई मरीज रिपोर्ट नहीं हुआ है। इसके बावजूद संक्रमण की आशंका को देखते हुए डी वार्ड को सीजनल वार्ड के रूप में तैयार रखा गया है। संदिग्ध मरीज मिलने पर उनके सैंपल अलग से लिए जाएंगे।
मेडिसिन के मरीज न्यू मेडिसिन विंग में शिफ्ट
पीबीएम अस्पताल के मेडिसिन विभाग के सभी मरीजों को न्यू मेडिसिन विंग में शिफ्ट किया जा चुका है। इसके बाद पुराने मेडिसिन वार्ड खाली हैं। इन्हीं में से डी वार्ड को फिलहाल सीजनल वार्ड के रूप में आरक्षित किया गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्वाइन फ्लू को लेकर स्थिति सामान्य है और कोई संक्रमित मरीज सामने नहीं आया है। इसके बावजूद वार्ड आरक्षित करने और अलग सैंपलिंग की व्यवस्था का उद्देश्य मरीज सामने आने की स्थिति में तत्काल उपचार और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।