बीकानेर

पट्टों के लिए अब निगम की नजर आवासन मंडल की कॉलोनियों पर

प्रशासन शहरों के संग अभियान - निगम मुक्ता प्रसाद नगर व पवनपुरी में पट्टों के बदले जारी करेगा पट्टा निगम अभियान के पहले 26 दिनों में जारी कर पाया है महज 04 पट्टे
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2021, 4:05 PM IST
पट्टों के लिए अब निगम की नजर आवासन मंडल की कॉलोनियों पर
पट्टों के लिए अब निगम की नजर आवासन मंडल की कॉलोनियों पर

बीकानेर. प्रशासन शहरों के संग अभियान के दौरान परकोटा क्षेत्र में 69 -ए के तहत पट्टे जारी करने में नगर निगम को विशेष सफलता हासिल नहीं हो रही है। अभियान के पहले 26 दिनों में निगम महज चार पट्टे ही जारी कर पाया है। अभियान के तहत पट्टे जारी करने के लिए निगम ने अब आवासन मंडल की कॉलोनियों में पट्टे के बदले पट्टे जारी करने की कवायद शुरू की है। इसमें निगम लीज के पट्टों के बदले फ्रीहोल्ड पट्टे जारी करेगा। इससे आमजन लाभान्वित होंगे। आवासन मंडल की मुक्ता प्रसाद नगर और पवनपुरी क्षेत्र की कॉलोनी नगर निगम को हस्तांतरित हो चुकी है।

7500 आवास

मुक्ता प्रसाद नगर कॉलोनी व पवनपुरी में करीब 7500 आवास बताए जा रहे है। इनमें 5 हजार से अधिक मुक्ता प्रसाद के विभिन्न सेक्टरों में स्थित है। जबकि लगभग ढाई हजार आवास पवनपुरी के विभिन्न सेक्टरों में है। निगम की योजना दोनो कॉलोनियों में सैकड़ों की संख्या में पट्टों के बदले पट्टे जारी करने की है। इसके लिए निगम ने तैयारियां शुरू कर दी है। जल्द इन क्षेत्रों में शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

तैयार हो रही योजना

आवासन मंडल की मुक्ता प्रसाद और पवनपुरी कॉलोनी में पट्टों के बदले पट्टे जारी करने की योजना बनाई गई है। इसे धरातल पर लाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए है। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार लीज के पट्टों के फ्री होल्ड होने का लाभ क्षेत्र निवासियों को मिलेगा।

महेश भवन में हुआ शिविर

अभियान के तहत निगम की आेर से गुरुवार को महेश भवन में वार्ड संख्या 72,73,74 के लिए शिविर का आयोजन किया गया। शिविर स्थल पर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना उपस्थित रहे। कांग्रेस नेता राजकुमार किराडू ने आयुक्त से मुलाकात कर इंदिरा गांधी की ओर से जारी किए गए पट्टे, ग्राम पंचायत के पट्टे जो विभाग में दर्ज नहीं है, करमीसर, खतूरिया कॉलोनी, शिवबाड़ी और पूर्व में जारी किए गए पट्टे जो दर्ज नहीं है उनको सबूत के आधार पर नए पट्टे जारी करने का सुझाव दिया। शिविर में पार्षद दुर्गादास छंगाणी, ताहिर हुसैन, सरताज, अनिल पारीक आदि उपस्थित रहे। वहीं निगम उपायुक्त पंकज शर्मा, उपायुक्त सुमन शर्मा सहित निगम अधिकारी -कर्मचारी व विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

Updated on:
29 Oct 2021, 4:05 PM IST
Published on: