बीकानेर

योजनाओं का संदेश देने के लिए बीकानेर में बने खादी बैग

प्रधानमंत्री से जन-संवाद कार्यक्रम में शामिल होने वाले संभाग के चयनित लाभार्थी बीकानेर में तैयार खादी की सेस (योजनाओं के संदेश लिखी पट्टियां) व बैग लेकर गए। इसके लिए बीकानेर में खादी मंदिर ने करीब 25 हजार रंगीन पट्टियां व खादी के बैग तैयार किए हैं।
2 min read
Prime Minister's Public Dialogue Program
Prime Minister's Public Dialogue Program


बीकानेर. प्रधानमंत्री से जन-संवाद कार्यक्रम में शामिल होने वाले संभाग के चयनित लाभार्थी बीकानेर में तैयार खादी की सेस (योजनाओं के संदेश लिखी पट्टियां) व बैग लेकर गए। इसके लिए बीकानेर में खादी मंदिर ने करीब 25 हजार रंगीन पट्टियां व खादी के बैग तैयार किए हैं। इन पर सरकार की एक दर्जन योजनाओं का नाम लिखे हैं। जिले से 6 हजार 700 लाभार्थियों का चयन हुआ।

20 हजार मीटर कपड़ा
पट्टियां व थैले बनाने में खादी के 20 हजार मीटर कपड़े का उपयोग किया गया है। जिला कलक्टर के निर्देश के बाद रानी बाजार स्थित खादी मंदिर परिसर में इनकी सिलाई की गई। संभाग खादी अधिकारी शिशुपाल सिंह ने कहा कि एक सैट (पट्टियां व बैग) की लागत 155 रुपए बताई जा रही है। बीकानेर के अलावा हनुमानगढ़ के लिए 5 हजार 20, गंगानगर के लिए 6 हजार 200, चूरू के लिए 6 हजार 900 पट्टियां व बैग बनाए गए हैं।

जिले से १५२ बसों में गए लाभार्थी
बीकानेर. प्रधानमंत्री की मौजूदगी ७ जुलाई को जयपुर में प्रस्तावित लाभार्थियों के सम्मेलन में भाग लेने बीकानेर जिले से १५२ बसों में लाभार्थी रवाना हुए। इसमें से ग्रामीण क्षेत्रों से १२७ तथा बीकानेर शहर से २५ बसें रवाना हुई। इन बसों की निगरानी एवं समय पर पहुंचाने के लिए शाम को छह बजे से ही अधिकारी जुट गए। वहीं भाजपा के पदाधिकारी भी बसों की व्यवस्था को लेकर सक्रिय दिखाई दिए।
बीकानेर शहर से २५ बसों के अलावा नोखा से २१, पांचू से १५, लूणकरनसर से १९, खाजूवाला से १८, श्रीडूंगरगढ़ से २० तथा श्रीकोलायत से १७ बसें विभिन्न स्थानों पर लाभार्थियों की सुविधा के लिए खड़ी की गई। ये बसें शाम ६ बजे से रवाना हुई। बीकानेर शहर से १२२६ लाभार्थियों की सूची बनाई गई है। इन्हें लेकर बसें जिला कलक्ट्रेट, पुराना आरटीओ ऑफिस, जूनागढ़, गोगागेट, जस्सूसर गेट आदि इलाकों से रवाना हुई। इधर, जिला प्रशासन की ओर से तैनात योजनावार तथा ब्लॉक स्तर पर प्रभारी अधिकारी सक्रिय रहे।

पूरा चार्ट तैयार
शहर जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने बताया कि लाभार्थी की सूची, बसों की रवानगी और रुकने का स्थान आदि का पूरा चार्ट लाभार्थियों के साथ जाने वाले कार्यकर्ताओं को दिया गया। सभी बसों के रुकने का स्थल तय किया गया है। देहात अध्यक्ष सहीराम दुसाद ने बताया कि बसों का रूट एवं स्थान निर्धारित करके कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों को सूचना पहले ही दे दी गई थी। शाम होते ही लाभार्थी बस स्थल पर आना शुरू हो गए। सभी बसें निर्धारित स्थान से रवाना हुई।

स्वास्थ्य विभाग के ये लाभार्थी
सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के लाभार्थियों में ४०० भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, १०० राजश्री योजना और २५ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सूचीबद्ध किए गए। ये लाभार्थी १४ बसों से जयपुर रवाना हुए। शहरी क्षेत्र के लाभार्थी जूनागढ़ के पास से रवाना हुए।

Published on:
07 Jul 2018 09:00 am