बीकानेर

पुरुषोत्तम मास 16 से, शुभ कार्य होंगे वर्जित, पढ़ें पूरी खबर

अगले पखवाड़े से ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) शुरू हो जाएगा।

2 min read
Purushottam Mass
पुरुषोत्तम मास

बीकानेर . अगले पखवाड़े से ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) शुरू हो जाएगा। इस दौरान शुभ कार्य वर्जित रहेंगे। पुरुषोत्तम मास 16 मई से 13 जून तक रहेगा। पंचागकर्ता पंडित राजेन्द्र किराड़ू के अनुसार जिस शुक्लादि चान्द्रमास में सूर्य की संक्रांति नहीं हो, उस शुक्लादि चान्द्रमास को अधिक मास भी कहते है। इसका नाम ही पुरुषोत्तम है, इस कारण इस माह में ईश्वर के निमित्त उपवास करने का अच्छा फल होता है।

32 माह बाद आता है
किराड़ू के अनुसार अधिक मास 32 माह 16 दिन 4 घटी के बाद माध्यम मान से होता है। उन्होंने कहा कि इस माह में संतों का पूजन, पुरुषोत्तम माहत्म्य का अध्ययन विशेषफलदायी है। भागवत कथा का परायण करना भी पुण्यफलदायी होता है।

ये कार्य रहेंगे वर्जित
शास्त्रों के अनुसार इस माह में मांगलिक कार्य, गृह प्रवेश, विवाह, यज्ञोपवित, देव प्रतिष्ठा, संन्यास ग्रहण, राज्याभिषेक आदि शुभ कार्य वर्जित रहते हैं। नित्य कर्म संध्यावंदन, नक्षत्र शांति, नामकरा नित्य हवन आदि वर्जित नहीं हैं।

रहेगा कष्ट का प्रभाव
पंचागकर्ता के अनुसार ज्येष्ठ माह अधिक होने से आमजन में रोग-कष्ट का प्रभाव अधिक रहता है। ऐसे में भगवान विष्णु भगवान की आराधना करनी चाहिए। खासकर यज्ञ, व्रत, दान, स्नान करने का महत्व है। उन्होंने कहा कि इस माह के अंतिम दिन 33 नारियल, मालपुआ, वस्त्र, कांस्य पात्र, दक्षिणा सहित दान करने से शुभ फल की प्राप्ति होती है।

भागवत कथा होगी
पुरुषोत्तम माह में शहर में दान-पुण्य के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान खूब होंगे। खासकर कई स्थानों पर भागवत कथा के आयोजन होंगे। मान्यता के अनुसार इस माह के फलदाता स्वयं कृष्ण हैं, ऐसे में इन दिनों में उनकी भक्ति से शहर सरोबोर रहेगा। मंदिरों में भी विशेष कथा, दान-पुण्य का दौर चलेगा।

ओम बन्ना का जन्मदिन मनाया
बीकानेर. ओम बन्ना सेवा समिति एवं ओम बन्ना टाइगर फ ोर्स के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ओम बन्नासा का जन्मदिवस मनाया गया। इस मौके पर केक काटा गया और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। जिला संयोजक वीरेंद्र सिंह शेखावत, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह राठौड़, प्रदेशाध्यक्ष सूरजभान सिंह, शायर सिंह शेखावत, आशा भाटी, जितेंद्र लखेसर, मनोज सुथार, साहिल सिंह आदि मौजूद रहे। इससे पहले शुक्रवार को जागरण हुआ।

Published on:
06 May 2018 11:57 am