
नोखा.
क्षेत्र में रविवार को भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक राखी का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों का तिलक कर राखी बांधी। बदले में भाइयों ने भी बहनों को प्यारे उपहार देकर रक्षा का वचन दिया। घरों में पकवान बनाकर एक-दूजे को खिलाए गए। रक्षाबंधन पर यात्री भार बढने से रोडवेज, निजी बस व ट्रेनों में भीड़ रही।
पुलिस कर्मियों को बांधे रक्षासूत्र
दुर्गावाहिनी एवं मातृशक्ति के संयुक्त तत्वावधान में थाने में पुलिस कर्मियों को रक्षासूत्र बांधे गए। विभाग संयोजिका राधामणी चितलंगी ने कहा कि पुलिस जवानों को राखी बांधकर मुंह मीठा कराया गया। इस दौरान उर्मिला तापडिय़ाए सुनीता बाहेती, शांति मूंधड़ा, मंजू लोहिया सहित अन्य मातृशक्ति मौजूद रही।
ले वीरा बंधवा ले राखी...
देश की रक्षा करते हुए शहीद जगदीश बिश्नोई की बहन सुमित्रा भी राखी बांधने के लिए प्रतिमा स्थल पहुंची। अपने भाई शहीद जगदीश की प्रतिमा पर राखी बांधते भावुक हो गई। बाद में भारी मन से शहीद प्रतिमा की कलाई पर राखी बांधकर याद किया।