
बीकानेर. राज्य सरकार ने मंगलवार रात राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन आदेश जारी किए। इस सूची में नगर निगम उपायुक्त डॉ. राष्ट्रदीप यादव को नगर विकास न्यास बीकानेर में सचिव के पद पर लगाया है। कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव अरविन्द कुमार ओसवाल की ओर से जारी सूची में सहायक आयुक्त (सतर्कता उपनिवेश) श्रीमती सारदा चौधरी को सहायक कलक्टर एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट (फास्ट ट्रेक) के पद पर लगाया है।
यह भी पढ़े
२९२ प्रधानाचार्यों का पदस्थापन
बीकानेर. प्रदेश के २९२ प्रधानाचार्यों का पदस्थापन किया गया है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल ने मंगलवार को आदेश जारी किए। इसमें राजस्थान शिक्षा सेवा नियम के संवर्गित उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्यों एवं समकक्ष पद में वर्ष २०१८-१९ की रिक्तियों के विरुद्ध चयनित किए गए जाने पर विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में कार्रवाई की गई। प्रधानाचार्य को ७ जून तक पदोन्नति पदस्थापन के स्थान पर कार्यग्रहण करना होगा। नियंत्रण अधिकारी निर्धारित तिथि से एक दिन पहले पदोन्नत कार्मिक को कार्यमुक्त करेंगे।
एपीओ व्याख्याताओं की डीपीसी आज
बीकानेर. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में बैठे व्याख्याताओं की डीपीसी बुधवार को होगी। ऐसे करीब तीन सौ व्याख्याता हैं। साथ ही अगले तीन दिन में विभिन्न विषयों के व्याख्याताओं की ७, ८ एवं ९ जून को विषयवार डीपीसी का कार्यक्रम जारी किया गया है। संयुक्त निदेशक (कार्मिक) नूतन बाला कपिला ने बताया कि निदेशालय स्तर पर डीपीसी की पूरी तैयारी कर ली गई है।
व्याख्याताओं को डीपीसी के लिए समय दे दिया गया है। जिन विषयों में कम व्याख्याता हैं, उनकी डीपीसी लंच से पहले कर दी जाएगी। लंच के बाद हिन्दी, राजनीति विज्ञान एवं अन्य विषयों के व्याख्याताओं की डीपीसी होगी। डीपीसी के लिए पूरा कार्यक्रम जारी किया गया है, ताकि शिक्षकों को दिक्कत नहीं हो।
राजकीय महारानी सुदर्शना कन्या महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया आज से
बीकानेर. राजकीय महारानी सुदर्शना कन्या महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष (कला, वाणिज्य, विज्ञान संकाय) में प्रवेश प्रक्रिया ६ जून से ऑनलाइन शुरू होगी। प्राचार्य ने बताया कि इच्छुक छात्राएं विभाग की वेबसाइट से आवेदन ऑनलाइन कर सकती हैं।