कार पेड़ से टकराई, एक की मौत
बीकानेर. शादी समारोह में खाना खाकर वापस घर लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन जने घायल हो गए। घायलों को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसा नोखा थाना क्षेत्र के गजस्वरूपदेसर के पास हुआ। नोखा पुलिस के अनुसार गजस्वरूपदेसर निवासी करणीसिंह (35), भगवंतसिंह (28) व श्रवणसिंह परिवार में शादी के कार्यक्रम में खाना खाकर वापस घर जा रहे थे। तब गजस्वरूपदेसर के पास कार अंनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे तीनों गंभीर घायल हो गए। घायलों को देररात को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाए, जहां भगवंतसिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि श्रवणसिंह व करणीसिंह को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
डिवाइडर से टकराई कारें, दो घायल
सदर व नयाशहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग हादसे
बीकानेर. शहर में बीते 24 घंटों में दो अलग-अलग हादसे हुए, जिसमें गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। सदर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात को एक कार डिवाइडर पर चढ़ गई। वहीं सोमवार सुबह नयाशहर थाना क्षेत्र में एक कार का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ कर पलटा खा गई। दोनों हादसों में दो जने घायल हुए, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।जानकारी के अनुसार रविवार रात को एक कार श्रीगंगानगर चौराहे से गजनेर रोड की तरफ जा रही थी। सादुल स्पोर्टस स्कूल के सामने अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइ्डर पर चढ़ गई और बिजली के खंभे से टकरा गई। कार में सवार अल्लानूर नामक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के समय भाजपा नेता अशोक प्रजापत वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने घायल युवक को कार से बाहर निकाला और पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर ले गए।
प्रजापत ने घायल युवक के परिजनों को सूचना दी। वहीं दूसरी ओर नयाशहर थाना क्षेत्र में गजनेर ओवरब्रिज के पास गजनेर की तरफ से आई एक कार का टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इतना ही नहीं कार डिवाइडर पर चढ़ने के बाद दो बार पलटा खाकर बिजली के पोल से टकराई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई लेकिन चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर तमाशबीनों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर नयाशहर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।