
जिले में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में स्वच्छता, पेयजल की शुद्धता एवं स्वास्थ्यप्रद आदतों के विकास के उद्देश्य से इस वर्ष स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2017-18 शुरू किया गया। इसके तहत निर्धारित मापदण्डानुसार राजकीय (राज्य व केन्द्र सरकार) एवं निजी विद्यालयों को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस पुरस्कार में आवेदन के लिए निजी स्कूलें जहां रूचि नहीं दिखा रही है वहीं सरकारी स्कूलों में अभी छुट्टियां चल रही है। बीकानेर जिले में करीब 3300 के आस-पास सरकारी व गैरसरकारी स्कूल में से अब तक 300 के आस-पास ही आवेदन आए है। प्रत्येक विद्यालय के संस्था प्रधान द्वारा ऑनलाइन आवेदन एक सितंबर से 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। इससे पहले जिले के ऑनलाइन आवेदन मात्र 99 विद्यालयों द्वारा ही किया गया। जिसे राज्य परियोजना निदेशक, रामाशिप, जयपुर ने गंभीरता से लेते हुए दोबारा निर्देशित किया कि 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सूचना आवश्यक रूप से प्रस्तुत करावें।
आवेदन की प्रक्रिया
- प्रत्येक राजकीय व निजी विद्यालय के संस्था प्रधान द्वारा स्वच्छ विद्यालय की वेबसाइट पर विद्यालय को रजिस्टर करने के बाद लॉगइन किया जा सकता है व स्मार्ट फोन द्वारा मिस्डकॉल व गूगल प्ले स्टोर और एप्पल स्टोर से एप इंस्टॉल करके आवेदन किया जा सकता है। स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार की वेबसाइट पर विद्यालय का पंजीयन विद्यालय के डाइस कोड नंबर से ऑनलाइन ही किया जा सकेगा।
- विद्यालय को समस्त सूचनाओं की एंट्री ऑनलाइन उपलब्ध फारगेट में ही करनी है। प्रत्येक गतिविधि का विद्यालय में उपलब्ध सुविधा का लेटेस्ट फोटो अपलोड करना आवश्यक होगा।
- वांछित सूचनाओं से संबंधित समस्त जानकारी वेबसाइट पर हाउ टू एप्लाई ऑप्शन पर उपलब्ध है।
-विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके रख-रखाव के स्तर पर आधार पर विद्यालय के प्राप्तांकों का निर्धारण होगा। इसके तहत पेयजल सुविधा, शौचालय/मूत्रालय, साबुन से हाथ धोने की सुविधा, सुविधाओं का उपयोग व रखरखाव तथा व्यवहारगत परिवर्तन तथा क्षमतावर्धन के आधार पर कुल प्राप्तांकों से विद्यालय के स्तर का अंकन होगा।
आवेदन करना अनिवार्य
सभी सरकारी व गैरसरकारी स्कूलों को आवेदन करना अनिवार्य है। अगर आवेदन नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी। इसकी जांच करवाएंगे।
हेतराम सारण, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक।