बीकानेर

ऑपरेशन कर सिर की फटी नस पर एन्यूरिज्म क्लिप लगा बचाई मरीज की जान

मरीज को सिर दर्द व उल्टी से राहत मिल गई है।
2 min read
• •
Updated: 6 Mar 2018, 9:03 AM IST
operation

पीबीएम अस्पताल के चिकित्सकों ने सिर में फटी खून की नस पर एन्यूरिज्म क्लिप लगाकर मरीज को जीवनदान दिया है। यह कारनामा न्यूरोसर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने किया है। सात दिन पूर्व किए गए सिर के ऑपरेशन के बाद अब मरीज की हालत में सुधार है। मरीज को सिर दर्द व उल्टी से राहत मिल गई है।

दर्द की वजह से बैठना-सोना तक दूभर

केसरीसिंहपुरा का 40 वर्षीय रामनारायण को सिर में तेज दर्द था। वह बार-बार बेहोश हो जाता था और उल्टी आती थी। सिर में तेज दर्द की वजह से बैठना-सोना तक दूभर हो गया था। वह 13 दिन पहले पीबीएम के न्यूरोसर्जरी विभाग में पहुंचा। यहां विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश सोढ़ी व डॉ. कपिल पारीक को दिखाया।

चार घंटे तक चला ऑपरेशन
न्यूरो विभाग के डॉ. कपिल पारीक ने बताया कि मरीज की सीटी एन्जियोग्राफी कराई, जिसमें मरीज के सिर की नसों का गुब्बारा (लेफ्ट एमसीए एन्यूरिज्म) फटा हुआ पाया गया। इसके बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। ऑपरेशन करीब चार घंटे तक चला। माइक्रोस्कोप से मरीज की फटी नस में क्लिप लगाई गई।

विचार-विमर्श कर ऑपरेशन का निर्णय

डॉ. पारीक ने बताया कि ऑपरेशन काफी जटिल था। ऑपरेशन दिमाग की खून की नसों पर किया जाना था। ऑपरेशन में थोड़ी-सी चूक से मरीज को लकवा और जान जाने का भी खतरा था। एनेस्थिसिया विभाग के चिकित्सकों से विचार-विमर्श कर ऑपरेशन का निर्णय लिया। मरीज का ऑपरेशन 24 फरवरी को किया गया।

यह थी टीम
डॉ. दिनेश सोढ़ी के नेतृत्व वाली टीम में डॉ. सुशील आचार्य, डॉ. कपिल पारीक, एनेस्थिसिया डॉ. साधना जैन, डॉ. रश्मि, डॉ. गरिमा एवं नर्सिंग असिस्टेंट विष्णु आदि शामिल थे।

जयपुर से मंगवाई गई क्लिप
माइक्रोस्कोप से मरीज के दिमाग की एन्यूरिज्म सर्जरी कर क्लिप डाली गई। यह क्लिप जयपुर से मंगवाई गई। ऑपरेशन के बाद मरीज के स्वास्थ्य में सुधार है।
डॉ. दिनेश सोढ़ी, विभागाध्यक्ष, न्यूरो

Published on: