बीकानेर

अब स्कूली बच्चे भी कम्प्यूटर पर तेजी से चलाएंगे अंगुलियां

सरकार ने स्कूली छात्रों को कम्प्यूटर सीखने तथा कम्प्यूटर फ्रेंडली बनाने की तैयारी कर ली है।
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2018, 11:50 AM IST
Feature image

बीकानेर. अब स्कूली बच्चे भी कम्प्यूटर पर तेजी से अंगुलियां चलाएंगे। सरकार ने स्कूली छात्रों को कम्प्यूटर सीखने तथा कम्प्यूटर फ्रेंडली बनाने की तैयारी कर ली है। पिछले साल सरकार ने शुरू की क्लिक योजना को अब अलग रूप दिया गया है। सरकार की पिछले साल क्लिक योजना पूरी तरह से चल नहीं पाई। इसके बाद सरकार आरकेसीएल के माध्यम से बच्चों को कम्प्यूटर शिक्षा देने का प्रयास कर रही है।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य डिजिटल इंडिया संकल्पना को लेकर स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को कम्प्यूटर में दक्ष करना है। बीकानेर जिले में माध्यमिक के ४१४ स्कूल हैं, इनमें करीब २५१ स्कूलों में कम्प्यूटर लैब स्थापित हो चुकी है। २८ लैबों के प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। इसके लिए कक्षा ६ से १० तक कम से कम १०० बच्चों का नामांकन होगा। कक्षा ६ से ८ तक ८० रुपए तथा ९ से १० तक के विद्यार्थियों को ११० रुपए प्रति माह देना होगा।


मिलेगा प्रमाण पत्र, रजिस्ट्रेशन ३० सितंबर तक

प्रवेशोत्सव सत्र २०१८-१९ में प्रवेशोत्सव के दौरान क्लिक योजना के संबंध में पीटीए, पीटीएम में अभिभावकों और विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से होने वाले लाभ के बारे में बताकर विद्यालयों को रजिस्ट्रेशन के लिए निर्देश दिए गए हैं। योजना में पंजीकृत विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम पूरा करने तथा पूरा शुल्क जमा करने वाले विद्यार्थियों को आरकेसीएल की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। शैक्षणिक सत्र २०१८-१९ के लिए विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन ३० सितंबर तक करवाया जा सकेगा।


इन स्कूलों में योजना
राजकीय माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एवं स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूलों में यह क्लिक योजना शुरू होगी। इनमें आईसीटी, भामाशाह, सांसद एवं विधायक क्षेत्रीय विकास योजना या विद्यालय विकास कोष के माध्यम से उपलब्ध कम्प्यूटर व संसाधनों से लैब स्थापित होगी।

एमओयू होगा
सत्र २०१८-१९ में क्लिक योजना सभी आइसीटी लैब युक्त विद्यालयों में शुरू की जानी है। इसके लिए निकटवर्ती आरकेसीएल से शीघ्र एमओयू किया जाएगा। आरकेसीएल से अधिकृत आइटीजीके व विद्यालय एसडीएमसी के बीच एमओयू कर योजना संचालित की गई थी।


योजना महत्वपूर्ण
सरकार की क्लिक योजना महत्वपूर्ण है। इससे बच्चों को कम्प्यूटर का ज्ञान होगा। सभी संस्था प्रधान इस योजना के तहत बच्चों को कम्प्यूटर ज्ञान दिलाएंगे।
हेतराम सारण, एडीपीसी, रमसा बीकानेर

Published on: