
बीकानेर. सरकारी स्कूलों में जहां दो जुलाई से विद्यार्थियों को दूध पिलाने की तैयारी की जा रही है, वहीं बीकानेर के कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों को पानी पिलाने के लिए अध्यापकों को लाख जतन करने पड़ रहे हैं। जिले के सैकड़ों स्कूलों में पानी और बिजली के कनेक्शन तक नहीं हैं। एेसा ही नजारा शुक्रवार को यहां फड़बाजार स्थित राजकीय अनिवार्य प्राथमिक विद्यालय में देखने को मिला, जहां पदस्थापित प्रधानाचार्य विद्यार्थियों के लिए पानी टंकी में भरते नजर आए।
प्रधानाचार्य हरूराम ने पूछे जाने पर बताया कि स्कूल में पानी और बिजली का कनेक्शन नहीं है। एेसे में पड़ोसियों की मदद से पानी-बिजली की व्यवस्था कर काम चलाया जा रहा है। इस विद्यालय में ३७ विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, लेकिन शिक्षक के नाम पर एकमात्र प्रधानाचार्य को ही सारी जिम्मेदारी दी हुई है। स्कूल की सफाई भी उन्हें ही करनी पड़ती है। बताया जाता है कि कुछ माह पूर्व यहां एक शिक्षक लगाया था। उसी दिन अन्य स्कूल में डेपुटेशन पर लगा दिया गया।
बच्चों को नहीं भेजते स्कूल
फड़बाजार की सरोज देवी ने बताया कि स्कूल आजादी से पहले का बना हुआ है, लेकिन इसकी मरम्मत एक बार भी नहीं हुई। बारिश में विद्यार्थियों की यह सोचकर छुट्टी कर दी जाती है कि कहीं स्कूल की छत न गिर जाए। एेसे हालात में लोग अपने बच्चों को पढऩे इस स्कूल में नहीं भेजते। स्थानीय निवासी मांगी लाल ने बताया कि राज्य सरकार को दूध पिलाने से पहले सभी स्कूलों में पानी और बिजली की पूरी व्यवस्था करनी चाहिए।
खेती में आधुनिक एवं उन्नत तकनीक अपनाएं
बीकानेर. स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुनियोजित खेती विकास केन्द्र, कृषि अनुसंधान केन्द्र बीछवाल में शुक्रवार को सुनियोजित खेती की उन्नत तकनीकों पर दो दिवसीय दिव्यांगजन प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रारंभ किया गया। डॉ. पीएस शेखावत ने बताया कि प्रशिक्षणार्थियों को खेती की आधुनिक व उन्नत तकनीकों को अधिक से अधिक अपनाने पर जोर दिया।