
निकाय चुनाव की तैयारी के बीच पुलिस ने अपराधियों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज कर दी है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नशे की तस्करी के रूट पर नजर रखने के साथ सीमा पार पंजाब में सक्रिय अपराधियों का राजस्थान नेटवर्क भी खंगाला जा रहा है। इसी सिलसिले में बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने पंजाब पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों राज्यों में सक्रिय अपराधियों, गैंगों और उनके बीच चल रही रंजिशों की जानकारी साझा की। वहीं अब बॉर्डर पर निगरानी को कड़ा कर दिया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज की अध्यक्षता में आयोजित इंटर स्टेट कोर्डिनेशन मीटिंग में एसपी श्रीगंगानगर हरिशंकर, एसपी हनुमानगढ़ बी. आदित्य, एसपी बठिंडा जगदीश विश्नोई व पंजाब पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बॉर्डर चेक पोस्ट पतली का भी निरीक्षण किया। बैठक में खास तौर पर उन अपराधियों और गैंगों की गतिविधियों पर चर्चा की गई, जिनका नेटवर्क पंजाब के साथ राजस्थान में भी फैला हुआ है। साथ ही गैंगवार की रजिंश की भी जानकारी सांझा की गई। दोनों राज्यों की पुलिस की ओर से अपराधियों की धरपकड़ के लिए संयुक्त अभियान भी शुरू किया गया है।
नशे के नेटवर्क पर भी संयुक्त नजर
चुनाव के दौरान शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी रोकना भी पुलिस की प्राथमिकता में है। बैठक में नशे की सप्लाई लाइन, तस्करों के नेटवर्क और सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय संदिग्धों की जानकारी साझा की गई। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों, हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय बदमाशों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने चर्चा की गई।
बॉर्डर से लेकर सोशल नेटवर्क तक निगरानी
पुलिस का फोकस केवल जमीनी स्तर पर ही नहीं, बल्कि अपराधियों के आपसी संपर्क और सोशल नेटवर्क पर भी है। राजस्थान-पंजाब सीमा से जुड़े इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सोशल नेटवर्क और अपराधियों के संपर्कों की भी पड़ताल की जाएगी।