
सुरनाणा. राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में विभिन्न योजनाएं चलाकर नामांकन बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों के तबादले कर दिए गए हैं। सुरनाणा गांव के राजकीय आदर्श बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक साथ छह शिक्षकों का तबादला होने से शिक्षण व्यवस्था गड़बड़ा गई है। इससे अब अभिभावक बच्चों को विद्यालय में प्रवेश दिलाने से कतरा रहे हैं।
गौरतलब है कि इस विद्यालय में दस शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं तथा गत सत्र में नौ अध्यापक कार्यरत थे लेकिन पिछले दिनों जारी तबादला सूची में इस विद्यालय से छह शिक्षकों का स्थानान्तरण कर दिया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में इस विद्यालय में करीब 160 विद्यार्थी अध्ययनरत है। अब महज तीन अध्यापिकाओं के भरोसे विद्यालय में बच्चों को कक्षानुसार संभाल पाना मुश्किल हो रहा है।
प्रधानाचार्य का पद भी खाली होने से सारा काम इन अध्यापिकाओं के जिम्मे आ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते विद्यालय में खाली पदों पर शिक्षकों की नियुक्ती नही हुई तो तालाबंदी की जाएगी। पंचायत समिति सदस्य बीरबलराम हुड्डा ने बताया कि बालिका विद्यालय में खाली शिक्षकों के पदों को भरने की मांग को लेकर जल्द ही प्रशासन व शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाएंगे।
उधर, कार्यवाहक प्रधानाचार्य बबीता कपूर ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश सत्र के दौरान एक साथ छह शिक्षकों के तबादले करने से शिक्षण व्यवस्था बाधित हो रही है।
काउंसलिंग से भरेंगे
पांच जुलाई तक स्कूल में काउंसलिंग के माध्यम से पद भर दिए जाएंगे। जिससे शिक्षण व्यवस्था सुचारू होगी।
उमाशंकर किराडू, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक बीकानेर
बच्चों के साथ ग्रामीणों का प्रदर्शन
बीकानेर. श्रीकोलायत के खिंदासर गांव में आम रास्ता बंद करने से ग्रामीण परेशान है। इसको लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने बच्चों के साथ जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष धरना दिया। गांव के ओमप्रकाश ने बताया कि सरपंच ने बिना कटाण के सभी मार्ग बंद करवा दिए हैं। खिंदासर से बांगूड़ा की ढाणी के लिए कटाण मार्ग नहीं है। इससे बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं। गांव में वाहन नहीं आने बीमार लोगों व प्रसूता महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ती है। इसको लेकर कोलायत एसडीएम को अवगत करवाने के बावजूद एक साल बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रदर्शन में ओमप्रकाश, बृजलाल, नरेन्द्र, संतोष व स्कूल के बच्चे शामिल हुए।