
पंडित दीन दयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के दूसरे चरण में तिरुपति की यात्रा कराई जाएगी। इस बार बीकानेर संभाग से 91 वरिष्ठ नागरिक यात्रा करेंगे। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओपी पालीवाल ने बताया कि बीकानेर से तिरुपति के लिए स्पेशल ट्रेन 14 दिसंबर को रात 10 बजे रवाना होगी।
इसमें जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों को शाम छह बजे बीकानेर स्टेशन के 2 नम्बर गेट पर एकत्रित होंगे। यात्रा करने वालों में बीकानेर से 12, चूरू से 24, श्रीगंगानगर से 48 व हनुमानगढ़ से 7 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। योजना के तहत 941 वरिष्ठ नागरिक तिरुपति की यात्रा करेंगे।
इसमें बीकानेर संभाग से 91, अजमेर से 162, भीलवाड़ा से 44, टौंक से 54, नागौर के 73 यात्री मेड़ता रोड स्टेशन से यात्रा करेंगे। इसी तरह जोधपुर से 95, पाली से 58, सिरोही से 25, जालौर से ०७, बाड़मेर के 14 यात्री जोधपुर स्टेशन से यात्रा करेंगे। उदयपुर से 89, चितौडग़ढ़ से 60, राजसमंद से 11, प्रतापगढ़ से 71, बांसवाड़ा से 35 व डूंगरपूर से 52 यात्री आबू रोड स्टेशन से यात्रा करेंगे।
पूरी सुविधा
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए जनप्रतिनिधि, अनुरक्षक, ट्रेन प्रभारी, एक चिकित्सक, दो नर्सिंग कर्मचारी, पांच पुलिसकर्मी साथ रहेंगे। यात्रा संबंधी जानकारी के लिए महेश शर्मा को प्रभारी बनाया गया है।
चूरू-सीकर के बीच ट्रेन आज से
चूरू-सीकर परिवर्तित आमान पर शनिवार से ट्रेन शुरू हो जाएगी। रेल राज्यमंत्री राजेन गोहेन साढ़े 12 बजे स्पेशल ट्रेन को रवाना करेंगे। मंडल रेल प्रबंधक एके.दुबे ने कहा कि समारोह सुबह 11.30 बजे से चूरू स्टेशन पर होगा। इसमें पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्रसिंह राठौड़, शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी, देवस्थान राज्यमंत्री राजकुमार रिणवा, सांसद सुमेधानंद सरस्वती, नरेन्द्र बुढानिया आदि मौजूद रहेंगे।
'किसी और का सपना' का मंचन आज
सांस्कृतिक मंत्रालय की ओर से नंदकिशोर आचार्य के लिखे नाटक 'किसी और का सपना' का मंचन शनिवार को गंगाशहर स्थित टीएम लालाणी ऑडिटोरियम में शाम पांच बजे से किया जाएगा। ऊर्जा थियेटर सोसायटी के तत्वावधान में मंचित नाटक का निर्देशन सुरेश पूनिया ने किया है। सोसायटी के अशोक जोशी ने बताया कि इसमें रामसिंह शेखावत, सागर चौहान, यश तंवर, वरुण राठौड़, जुनैद खान भूमिका निभाएंगे।