बीकानेर

चक्की के पाट का टुकड़ा लगने से किशोर की मौत

चौपाल पर खड़ी मोबाइल आटाचक्की का टूटकर बिखरा पाट वहां खड़े तेरह वर्षीय किशोर की मौत का कारण बन गया।
2 min read
• •
Updated: 23 Jul 2018, 8:05 AM IST
Teenage death
Teenage death

बीकानेर/जयमलसर. अमरपुरा गांव में रविवार शाम पांच बजे चौपाल पर खड़ी मोबाइल आटाचक्की का टूटकर बिखरा पाट वहां खड़े तेरह वर्षीय किशोर की मौत का कारण बन गया। पाट का एक टुकड़ा किशोर के सिर में कान के पास लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पाट का दूसरा टुकड़ा वहां खड़े एक अन्य बालक के सिर पर लगा, जिससे वह जख्मी हो गया। मोबाइल आटाचक्की को ट्रैक्टर से जोड़ रखा था, जो गांवों में आटा पिसाई के काम आती है।

जानकारी के अनुसार यह हादसा तब हुआ, जब चौपाल पर काफी लोगों को जमावड़ा था। चालू आटाचक्की का पाट जैसे ही टूटा उसके कई टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए। जानकारी के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आटाचक्की को कब्जे में ले लिया। वहीं किशोर के शव को मुर्दाघर में रखवाया। पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र पुत्र पेम सिह राजपूत उस समय चौपाल के आसपास ही खेल रहा था। तभी पाट का हिस्सा उसके जा लगा। चौपाल पर खड़े अन्य लोगों ने बताया कि अगर आटा चक्की के पाट दूसरी दिशा में गिरते तो जनहानि ज्यादा हो सकती थी। वहां करीब १५ से २० लोग बैठे थे।


जुगाड़ से चल रहा काम
जुगाड़ से चलने वाली आटाचक्की गांवों में ही नहीं, शहरों में भी देखी जा सकती है। ट्रैक्टर में आटा चक्की को लगाने की अधिकतर मशीनरी भी जुगाडू होती है। एेसे में मोबाइल आटाचक्की आसपास खड़े लोगों के लिए खतरे से कम नहीं है। अनधिकृत रूप से चलने वाली मोबाइल आटाचक्की के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से इनकी संख्या में पिछले कुछ वर्षों से बढ़ोतरी हुई है।


करणी नगर क्षेत्र में युवक की मौत

बीकानेर. करणी नगर औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को एक युवक की मौत हो गई। कारणों का पता नहीं चला है। पीबीएम चौकी से मिली जानकारी के अनुसार करणी औद्योगिक क्षेत्र से अनिल यादव 28 साल को शाम करीब साढ़े सात बजे मृत अवस्था में पीबीएम में लाए थे। उसके शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।

Published on: