
लूणकरनसर. राज्य सरकार द्वारा सरकारी समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीद बंद करने से किसानों में रोष व्याप्त है। दुबारा पंजीकृत किसानों की उपज तुलवाने की मांग को लेकर बुधवार को किसान सभा के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
किसान सभा के प्रदेश कमेटी सदस्य लालचंद भादू, किसान नेता धर्मवीर गोदारा व भंवरलाल शर्मा के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी डॉ. स्वामी से मिले प्रतिनिधिमण्डल ने अवगत करवाया कि सरकार द्वारा २७ जून के बजाय २४ जून को सरसों की खरीद बंद करने से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुके करीब ५०० से ७०० किसान तुलाई करवाने से वंचित रह गए है।
उन्होंने बताया कि गत तीन महीने से सरकारी खरीद केन्द्र पर उपज बेचने के लिए सरसों को घर पर रख रखी थी। लेकिन अचानक खरीद बंद करने से वंचित रहने से प्रत्येक किसान को हजारों रुपए का नुकसान है। प्रतिनिधिमण्डल ने अवगत करवाया कि पहले सरकार ने सरसों की मात्रा २५ क्विंटल व बाद में ४० क्विंटल करके किसानों को परेशान किया। लेकिन अब तीन महीने इंतजार करवाकर अचानक बंद करके परेशानी में डाल दिया।
किसान सभा ने पंजीकृत किसानों की सरसों की दुबारा तुलवाई शुरू नहीं करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। प्रतिनिधिमण्डल ने अवगत करवाया कि लूणकरनसर के खरीद केन्द्र पर किसानों की सरसों तुलवाई के लिए अन्तिम दो दिनों में श्रीडूंगरगढ़, खाजूवाला, छतरगढ़, पूगल व बज्जू के सरकारी खरीद केन्द्र पर स्थानान्तरण कर तुलवाई के लिए टोकन भिजवाए थे लेकिन किसानों के पास संदेश समय पर नहीं मिलने वहां पर भी उपज नहीं ले जा सके।
जल्द शुरू होगी
खाजूवाला. यहां सरकारी समर्थन मूल्य पर सरसों की खरीद बन्द होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां अभी भी 357 किसानों के टोकन बकाया है तथा किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में फसल भरकर सरकारी केन्द्र के पास खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे है। भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिहाग ने बताया कि बुधवार को संसदीय सचिव डॉ.विश्वनाथ मेघवाल को किसानोंं की इस समस्या के बारे में दूरभाष पर अवगत करवाया गया।
इस पर संसदीय सचिव ने सहकारिता मंत्री अजय किलक से मिलकर समस्या से अवगत कराया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरसों की खरीद कुछ दिनों में पुन: शुरू कर दी जाएगी। खाजूवाला में पिछले दो दिन से सरसों की खरीद बन्द कर दी गई। किसानों ने मांग की कि जिन किसानों के टोकन कट चुके है तथा तुलाई का मैसेज आ गया है उनकी फसल तोली जाए। यहां धान मण्डी क्षेत्र में बुधवार को भी किसानों के वाहनों की लम्बी कतार देखने को मिली।
चने की खरीद पुन: शुरू हो
श्रीडूंगरगढ़. यहां सरकारी समर्थन मूल्य पर चने की खरीद बुधवार को दूसरे दिन भी बन्द रहने से किसानों ने क्रय विक्रय सहकारी समिति कार्यालय में आक्रोश जताया। भारतीय किसान सभा के मोहनलाल भादू ने बताया कि किसान तीन महीनों से जिंस सरकार को बेचने का इंतजार कर रहे है। अब जब माल तुलाई का समय आया तो मौसम खराब को लेकर तोल नही किया जा रहा है। प्रशासन ने टीन शेड की व्यवस्था भी नहीं की है। मण्डी में बने टिन शेड खाली नहीं हुआ तो किसान स्वयं इनको खाली करेगा।
सरकारी खरीद को दो दिन शेष रहने के बाद भी माल की तुलाई नहीं होने पर किसानों ने आक्रोश जताया है। उधर, क्रय विक्रय सहकारी समिति के व्यवस्थापक के अनुसार मौसम में आए बदलाव व बारिश के कारण तुलाई कार्य बाधित हो रहा है और मण्डी समिति द्वारा टीनशेड उपलब्ध नही करवाए जा रहे है। तोल केन्द्र पर 25 हजार बोरियां खुले में है तथा किसानों का बकाया टोकनों का माल भी खरीद केन्द्र पर आ रहा है।