
बीकानेर. शहर में सूने व बंद मकानों को निशाना बनाने वाले एक चोर को पुलिस ने दबोच लिया है। उसकी निशानदेही पर माल भी बरामद कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने १६ चोरियों की वारदातें कबूल की है। आरोपित गंगाशहर थाने का आदतन आरोपित है। उसके खिलाफ थाने में १८ से अधिक मामले दर्ज हैं। सीआई सुभाष बिजारणिया ने बताया कि भीनासर स्थित चित्रा आइस फैक्ट्री के पास रहने वाले श्यामलाल उर्फ श्यामला जाट को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को शनिवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
इनके घरों को बनाया निशाना
आरोपित ने पुरुषोत्तम दास सारडा, गौरीशंकर सारडा, गोकुलदास सारडा, चन्द्रमोहन सारडा, गोपाल सारडा, हनुमानदास सारडा, जमनादास सारडा, चेतनदास सारडा, विजय कुमार बोथरा, माणकचंद बोथरा, रामकिशोर लखारा, सुशील दफ्तरी, अमरचंद दफ्तरी, रमेश उपाध्याय, कमल दफ्तरी, धनराज चौरडिया सहित कई लोगों के घर में चोरी की वारदात स्वीकार की है।
टैक्सी में भर ले जाता
सीआई बिजारणिया ने बताया कि आरोपित अकेले ही चोरियों की वारदात को अंजाम देता। आरोपित टैक्सी चलता है और मोहल्ले में रेकी करता। रैकी के दौरान पता करता कि कौन-कौन से घर सूने हैं या घरवाले बाहर गए हैं, उन घरों में मौका पाकर टैक्सी लेकर जाता है। टैक्सी को साइड में खड़ा कर घर में घुस जाता है और घर से माल बटोर कर टैक्सी में डालकर ले जाता है। सीआई ने बताया कि आरोपित ने जिन मकानों में चोरी की है, वे सभी व्यापार के चलते बाहर रहते हैं। वे साल-छह महीने में एक बार आते हैं। अब उनके आने के बाद ही चोरी माल का पता चल सकेगा।
यह थी टीम
पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने सीआई सुभाष बिजारणिया के नेतृत्व में एएसआई ईश्वरसिंह, हेड कांस्टेबल रामकरण सिंह, सुनील कुमार, कांस्टेबल महावीर व साइबर सेल के दीपक यादव को शामिल किया। आरोपित को पकडऩे में हेड कांस्टेबल रामकरण व कांस्टेबल महावीर का विशेष योगदान रहा।