बीकानेर

दर्दनाक हादसा: बाइक आमने-सामने टकराई, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत

Bikaner Road Accident : बीकानेर के पांचू थाना इलाके में दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं, जिससे तीन जनों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई हैं।
less than 1 minute read
• •
Updated: 18 Nov 2024, 9:11 PM IST
bikaner road accident

बीकानेर। पांचू थाना इलाके में दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं, जिससे तीन जनों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई हैं। एसएचओ रामकेश मीणा ने बताया कि कक्कू निवासी प्रमोद व राकेश पुत्र भंवरलाल मेघवाल रविवार रात को बाइक पर नोखा से कक्कू आ रहे थे। वहीं भादला निवासी मेघाराम (30) पुत्र देवाराम कुम्हार बाइक पर भादला से नोखा आ रहा था। कक्कू पेट्रोल पंप के पास दोनों बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिससे प्रमोद व मेघाराम की मौत पर मौत हो गई, जबकि राकेश ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रमोद व राकेश दोनों सगे भाई हैं।

नीट की तैयारी कर रहे थे दोनों भाई

चाचा चेनाराम मेघवाल ने बताया कि दोनों भाई नीट की तैयारी कर रहे थे। मेघाराम कुम्हार गांव भादला में अपना मकान बनवा रहा है। वह रविवार रात को घर का काम देखकर नोखा लौट रहा था। वर्तमान में नोखा रह रहा था। भादला से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। मृतक मेघाराम के तीन बेटियां और एक बेटा हैं।

…तो क्या बेसहारा पशु बने हादसे का सबब

हादसे को लेकर गांव में चर्चाएं भी शुरू हो गई है। गांव वालों का कहना है कि सड़क पर बेसहारा पशु आने से हादसा हुआ। वहीं कुछ लोगों ने दोनों वाहनों की गति तेज होने को हादसे का कारण बताया। सर्दी का मौसम होने से सन्नाटा था, जिससे घायलों को तुरंत राहत भी उपलब्ध नहीं हो पाई। हादसे के कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने जब तीनों को सड़क पर गिरे देखा, तो साधन बुलाकर नोखा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को सूचना दी।

Updated on:
18 Nov 2024, 9:11 PM IST
Published on: