बीकानेर

श्रीनाथद्वारा से लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां गम में बदलीं, टेंपो ट्रैवलर ट्रक से भिड़ी, तीन की मौत और 13 घायल

हादसे में टेंपो ट्रैवलर चालक सरदारशहर निवासी मोहम्मद आरिफ (40) पुत्र भवरू खां, बीकानेर निवासी जयश्री (23) पत्नी आशीष स्वामी और विष्णु (24) पुत्र दीपक स्वामी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे खेत में जा घुसा, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया।
2 min read
May 28, 2026
nathdwara accident
हादसे के बाद जमा भीड़

नागौर रोड स्थित चरकड़ा बायपास पर गुरुवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर की एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में टेंपो ट्रैवलर चालक सरदारशहर निवासी मोहम्मद आरिफ (40) पुत्र भवरू खां, बीकानेर निवासी जयश्री (23) पत्नी आशीष स्वामी और विष्णु (24) पुत्र दीपक स्वामी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे खेत में जा घुसा, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। नोखा थानाधिकारी अरविन्द भारद्वाज ने बताया कि मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।

छह बच्चों सहित 13 घायल

हादसे में बीकानेर निवासी आशीष रांकावत, सोनी स्वामी, तनुश्री, हिमांशी, भारती, बजरंगलाल, मितांशु, रितिका, जीविका, मयंक, संतोष, मीनाक्षी और निधि घायल हो गए। इनमें छह बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। भीषण टक्कर के बाद टेंपो ट्रैवलर में सवार कई लोग अंदर फंस गए। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

23 मई को निकले थे धार्मिक यात्रा पर

बीकानेर के स्वामी परिवार के दर्जनभर से अधिक सदस्य 23 मई को धार्मिक यात्रा पर निकले थे। परिवार माउंट आबू, उदयपुर, सांवरिया सेठ और नाथद्वारा में दर्शन करने के बाद वापस बीकानेर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

डेढ़ साल पहले हुई थी विष्णु की शादी

परिजनों के मुताबिक, मृतक विष्णु स्वामी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी भारती गंभीर रूप से घायल है और पीबीएम अस्पताल में भर्ती है। बीकानेर के चौंखूंटी फाटक निवासी मुकेश पुत्र धन्नाराम स्वामी की रिपोर्ट पर नोखा थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

Updated on:
28 May 2026 08:23 pm
Published on:
28 May 2026 08:23 pm