बीकानेर

कटौती शुरू: शहर के आधे क्षेत्रों में आज होगी जलापूर्ति

नहरबंदी के बाद शोभासर जलाशय से जुड़े शहर के आधे क्षेत्रों में कटौती शुरू हो गई।
2 min read
• •
Updated: 13 Apr 2018, 8:24 AM IST
Feature image

बीकानेर . नहरबंदी के बाद शोभासर जलाशय से जुड़े शहर के आधे क्षेत्रों में गुरुवार से कटौती शुरू हो गई।
शोभासर जलाशय को नहर से पानी मिलना बंद हो गया है, लेकिन बीछवाल जलाशय को नहर से अब भी करीब 25 क्यूसेक पानी मिल रहा है। इस कारण बीछवाल जलाशय से जुड़े मोहल्लों, कॉलोनियों में फिलहाल आपूर्ति नियमित की जा रही है।

शुक्रवार को शोभासर जलाशय से जुड़े शहर के आधे क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति होगी। इसमें मुक्ताप्रसाद नगर, सर्वोदय बस्ती, नया शहर टंकी से जुड़े मोहल्ले, नत्थूसर टंकी से जुड़े मोहल्लों, बंगलानगर आदि क्षेत्र शामिल हैं। गंगाशहर, भीनासर, श्रीरामसर, सुजानदेसर, करमीसर, मुरलीधर व्यास कॉलोनी आदि क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होगी। इन क्षेत्रों में गुरुवार को पेयजल आपूर्ति की गई थी।

सम-विषम व्यवस्था
अधीक्षण अभियंता दीपक बंसल ने बताया कि बीछवाल जलाशय को जब भी नहर से पानी मिलना बंद हो जाएगा, उसके बाद से ही सम-विषय व्यवस्था के आधार पर जलापूर्ति की जाएगी। इसके लिए कार्य योजना पहले ही तैयार की जा चुकी है।

30 नलकूप स्वीकृत
बीकानेर . सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था हेतु नलकूप वेधन स्वीकृति के लिए गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में कलक्टर कक्ष में आयोजित हुई। बैठक के दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 26 व जिला परिषद के 4 आवेदनों सहित कुल 30 आवेदनों पर स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में जिला परिषद के सीईओ अजित सिंह राजावत, उपखण्ड अधिकारी नानूराम सैनी, वरिष्ठ भू-जल वैज्ञानिक पन्नालाल, जन स्वा. अभि. विभाग के अधीक्षण अभियंता दीपक बंसल, जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता हवा सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दारा सिंह मौजूद थे।

डिग्गी का गंदा पानी पीने को मजबूर जग्गासर के ग्रामीण
बज्जू. लदाय विभाग की उदासीनता से जग्गासर गांव के ग्रामीण लम्बे समय से गंदला पानी पीने को मजबूर है। तारबंदी नही होने के कारण १२ अप्रेल को एक नीलगाय डिग्गी में गिर गई। सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुरेश बिश्नोई ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बताया कि जग्गासर में पिछले एक माह से पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोग टैंकरों से पानी मंगवा रहे हंै तो पशुधन भटक रहा है।

गांव में बनी डिग्गी की वर्षो से सफाई नही होने के कारण पानी गंदला हो रहा है। इस डिग्गी में बुधवार अलसुबह एक नीलगाय गिर गई तथा उसका पैर टूट गया। उसे डॉ.सुरेश बिश्नोई ने वाइल्ड लाइफ सेंटर के सदस्यों व ग्रामीण प्रवीण स्वामी, सुखचैन, श्रवण, अशोक, भूपेन्द्र, संतोष आदि के सहयोग से निकाला व बीकानेर स्थित जन्तुआलय भेजा।

Published on: