बीकानेर

बीकानेर: पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की हत्या की साजिश कर रहे दो बदमाश सिरसा में गिरफ्तार

bikaner news: सीआइए सिरसा पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, दो पिस्तोल व आठ कारतूस बरामद
3 min read
Sep 03, 2019
Two arrested for plotting to kill former leader of opposition Rameshwar dudy
Two arrested for plotting to kill former leader of opposition Rameshwar dudy

बीकानेर. पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की हत्या की साजिश रचने वाले दो बदमाशों को सिरसा की क्रिमिनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (सीआइए) पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्तोल, आठ जिंदा कारतूस व एक बाइक बरामद की है।

पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपियों ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की हत्या की फिराक में घूमने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपी अजीत बड़बर गिरोह से जुड़े हुए हैं। यह दोनों इस गिरोह के शार्ट शूटर है, जिन पर हत्या और हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं। हरियाणा व राजस्थान पुलिस को लंबे समय से दोनों की तलाश थी।

सीआइए सिरसा इंचार्ज इंस्पेक्टर रविन्दर कुमार की एक पुलिस टीम एएसआइ अवतार सिंह के नेतृत्व में रविवार रात को गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि मीठी सुरेरा मोड़ पर एक बाइक सवार दो युवक हथियारों से लैस है जो कोई वारदात करने की फिराक में है।

पुलिस टीम ने दबिश दी तो आरोपी वहां से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें दबोचा। आरोपी बीकानेर जिले के सेरुणा थाना क्षेत्र के सांवतसर निवासी श्यामसुंदर पुत्र राजाराम एवं अटेला कलां जिला दादरी निवासी देवेन्द्र पुत्र जैनपाल है।

इस तरह आए पकड़ में
सीआइए टीम ने सरकारी गाड़ी के ऊपर लगी लाइट (बत्ती) उतार दी और सिर पर पहने साफे से वर्दी छिपा ली। गाड़ी जैसे ही मीठी सुरेरा मोड़ पर पहुंची तो बदमाशों ने उसे आम नागरिक की गाड़ी समझते हुए घेर लिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे। लेकिन बदमाशों को जैसे ही पुलिस की गाड़ी होने का अभास हुआ तो वह मीठी सुरेरा की तरफ भागने लगे।

तब सीआइए के जवानों ने आरोपियों को पीछा कर हथियारों सहित खेतों में दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर, एक 32 बोर लोडेड पिस्तोल और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

यह किया खुलासा
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे राजस्थान के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की हत्या करने की फिराक में थे। इसके लिए बिहार के मधुबनी से आठ असले खरीदने थे लेकिन रुपए कम थे, इसलिए लूट के इरादे से मीठी सुरेरा मोड़ पर खड़े थे और पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी श्यामसुंदर ने दो जून 2019 को अपने साथी उमेश गांधी, गुरभेज के साथ मिलकर वासी बनवास निवासी संदीप सैनी उर्फ बचिया की घर में घुसकर गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। सात जुलाई 2019 को श्यामसुंदर ने अपने साथी देवेन्द्र उर्फ देव व रजनीश के साथ मिलकर सिरडान निवासी कौरसिंह को जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई थी।

वहीं आरोपी देवेन्द्र के खिलाफ बाढड़ा थाना, भट्टू में लूट-पाट, चोरी व जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। आरोपी श्यामसुंदर के खिलाफ बीकानेर के जेएनवीसी में चोरी, जानलेवा हमला, नापासर में मारपीट, बलात्कार, अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर चोरी करने, कोटगेट थाने में आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज हैं।

कई बड़ेक खुलासे होने की संभावना

दोनों आरोपियों ने राजस्थान के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की हत्या करने की साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने छह पिस्टल व पांच सौ कारतूस की बिहार के पटना से प्रबंध करने की बात स्वीकारी है लेकिन सफल नहीं हो पाए। आरोपियों पर हत्या और लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ में और कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
राजेश कुमार, डीएसपी सिरसा

मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत मिलूंगा
सिरसा पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ा है जो मेरी हत्या कराना चाहता थे। यह बहुत गंभीर बात है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत तौर पर मिलुंगा। इस पूरे मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित करनी चाहिए। यह गिरोह बड़ा है, जिसने पूरी तैयारी कर ली थी। गनीमत रही कि वो सफल नहीं हो सके अन्यथा मेरा तो काम तमाम कर डालते। मैं चाहूंगा बीकानेर पुलिस दोनों बदमाशों को प्रोडेक्शन वारंट पर बीकानेर लाकर पूछताछ करें। मेरी सुरक्षा का बंदोबश्त करना सरकार और जिला पुलिस पर निर्भर है।
रामेश्वर डूडी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष

एसओजी से हो जांच
रामेश्वर डूडी की हत्या की साजिश के मामले में पकड़े गए आरोपियों को राजस्थान लाया जाए। सरकार एसओजी और एटीएस को मामला सौंपकर तह तक जाए। प्रकरण की वास्तविकता सामने आनी चाहिए।
बिहारी लाल बिश्नोई, विधायक, नोखा

Published on:
03 Sept 2019 06:00 am