बीकानेर

बीकानेर : चीखती रही मां बचा नहीं पाई, डिग्गी में डूबने से दो मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

श्रीडूंगरगढ़ के ठुकरियासर गांव में खेत की डिग्गी में डूबने से दो सगे मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।
less than 1 minute read
Feb 08, 2026
Bikaner, Bikaner News, death of two brothers, death of two brothers in Bikaner, two brothers drowned in Diggi, बीकानेर, बीकानेर न्यूज, दो भाइयों की मौत, बीकानेर में दो भाइयों की मौत, डिग्गी में दो भाई डूबे
डिग्गी को तोड़कर पानी निकालते हुए। फोटो- पत्रिका

श्रीडूंगरगढ़। गांव ठुकरियासर में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव ठुकरियासर की रोही में खेत में बनी डिग्गी में डूबने से दो सगे मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 5.30 बजे सोहनलाल जाट के पुत्र 8 वर्षीय मोहित और 6 वर्षीय अंकित खेत में बनी डिग्गी के पास खेल रहे थे।

15 फीट गहरी डिग्गी

खेल के दौरान एक बच्चे का पैर फिसलकर डिग्गी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भाई भी डिग्गी में गिर पड़ा। खेत में काम कर रही उनकी मां ने जब बच्चों को डूबते देखा तो शोर मचाया। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों से किसान मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने करीब 15 फीट गहरी डिग्गी को तोड़कर पानी निकाला और दोनों बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल उपजिला अस्पताल पहुंचाया। यहां मेडिकल स्टाफ ने दोनों को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया गया।

गांव में शोक की लहर

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम हो गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। एक ही परिवार के दो नन्हे चिराग यूं बुझ जाने से हर कोई स्तब्ध रह गया। बाद में दोनों बच्चों के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई।

Updated on:
08 Feb 2026 09:25 pm
Published on:
08 Feb 2026 09:23 pm