
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात। फोटो- पत्रिका
जयपुर। कालवाड़ रोड क्षेत्र में दुकान बंद करते समय एक गारमेंट व्यापारी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित की सतर्कता और लोगों की मदद से दोनों हमलावरों को पकड़ लिया गया। हमलावर लूट के इरादे से वारदात करने पहुंचे थे और चाकू से हमला करने से पहले व्यापारी के चेहरे पर मिर्च पाउडर रगड़ दिया था।
वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। करधनी थाना पुलिस ने अनुसंधान के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गोविंदपुरा स्थित कृष्णा विहार निवासी व्यापारी योगेन्द्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी कालवाड़ रोड पर गारमेंट की दुकान है। रोज की तरह शाम करीब 7:45 बजे वह दुकान बंद करने ही वाले थे, तभी स्कूटी सवार दो युवक नकाब पहने हुए दुकान में घुस आए।
पीड़ित और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अनुसार आरोपियों ने पहले क्रीम, कपड़े दिखाने और फिर अंडरगारमेंट्स देने की बात कही। इसी दौरान दोनों युवक लगातार किसी से मोबाइल पर बात करते रहे और सामने वाले से कहते रहे कि बस निकल रहे हैं। कुछ देर बाद अचानक एक आरोपी ने अभद्रता शुरू कर दी और बाल पकड़कर मारपीट करने लगा। दूसरे आरोपी ने काउंटर पर चढ़कर चाकू से सिर पर हमला कर दिया और पीड़ित के चेहरे पर मिर्च पाउडर रगड़ दिया।
पीड़ित ने बताया कि उसने दोनों आरोपियों का विरोध किया और शोर मचाने लगा। पकड़े जाने के डर से आरोपी दुकान से बाहर भागे, लेकिन आस-पास के लोगों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
हमलावरों में मूलत: उत्तर प्रदेश निवासी तथा हाल मुंबई निवासी नवाब खान उर्फ रोवाब और अफ्फान हसन को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से दो चाकू और बिना नंबर की स्कूटी बरामद की गई है। दोनों पिछले कुछ दिनों से यहां मंगलम सिटी में किराए पर रहकर मजदूरी कर रहे थे और मौका मिलने पर वारदात करने पहुंच गए। पुलिस आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी जुटा रही है।
Published on:
08 Feb 2026 08:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
