छतरगढ़ थाना क्षेत्र में दो दिन पहले बिच्छू के काटने से एक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बीकानेर. छतरगढ़ थाना क्षेत्र में दो दिन पहले बिच्छू के काटने से एक महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छतरगढ़ पुलिस के अनुसार सादोलाई गांव निवासी फूलमती पत्नी दिलीपसिंह राजपूत 26 जुलाई की शाम को घर में काम कर रही थी। इस दौरान उसे जहरीले बिच्छू ने काट लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले स्थानीय चिकित्सालय ले गए, जहां से चिकित्सकों ने पीबीएम रेफर कर दिया। पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बीकानेर. बीछवाल पुलिस ने ठेके की अवैध ब्रांच से शराब जब्त की है। ब्रांच से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।उप निरीक्षक चन्द्रभान ने बताया कि जयपुर बाइपास रोड स्थित जय भवानी नाम से शॉप है, जहां पर अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना मिली। रविवार देर रात को पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। पुलिस ने दुकान से देशी शराब के नौ कार्टन एवं बीयर के दस कार्टन बरामद किए। आरोपी अवैध रूप से शराब बेच रहा था। आरोपी चूरू के पड़िहारा निवासी महेन्द्र सिंह पुत्र विजय सिह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने ठेके की अवैध ब्रांच के संबंध में आबकारी विभाग के अधिकारियों को सूचित किया है। गौरतलब है जिलेभर में शराब की सैकड़ों अवैध ब्रांचें चल रही हैं।
नोखा. सुरपुरा के पास रविवार रात्रि को ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना रविवार रात्रि करीब डेढ़ बजे की है। एक अधेड़ व्यक्ति जम्मूतवी से अहमदाबाद जाने वाली ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर बीकानेर से जीआरपी पुलिस पहुंची और मृतक के शव को ले जाकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। खबर लिखे जाने तक मृतक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
नोखा. कस्बे के वार्ड 35 में सोमवार को एक लड़की ने अपने घर में खुदकुशी कर जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस के मुताबिक शनि मंदिर के पास रहने वाले प्रेमसिंह पुत्र चौखसिंह राजपूत ने रिपोर्ट में बताया कि वह सुबह मजदूरी करने गया हुआ था और उसकी पत्नी संतोष कंवर डॉक्टर को दिखाने के लिए बीकानेर गई हुई थी। पीछे से घर पर पुत्री निरमा व पूजा थी। उसकी पुत्री निरमा दसवीं में फेल होने के बाद गुमशुम व अवसाद में रहती थी। उसने अवसाद के चलते दोपहर करीब पौने एक बजे घर की रसोई में आत्महत्या कर ली। उसकी पुत्री पूजा ने फोन कर उसे सूचना दी, तो वह और उसका भाई गोपाल सिंह घर दौड़े। उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल में ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसे मोर्चरी में शिफ्ट कराया। पुलिस ने मृतका निरमा का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।