मरवाही विधानसभा क्षेत्र से मंगलवार को किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया है।
बिलासपुर. जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में से 6 विधानसभा क्षेत्र से मंगलवार को 10 उम्मीदवारों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया। इनमें भाजपा, आप समेत निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अमर अग्रवाल ने नामांकन पत्र जमा किया। इसी प्रकार आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार शैलेश आहूजा एवं अंबेडकराइट ऑफ इंडिया के उम्मीदवार सुशील कुमार चच्हाण ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। कोटा से जगकुमार शर्मा निर्दलीय, अखिल भारतीय सर्वधर्म समाज पार्टी के नेतराम साहू ने नामांकन पत्र जमा किया है। तखतपुर से निर्दलीय प्रत्याशी सुशांत पात्रे ने, बिल्हा क्षेत्र से निर्दलीय देव प्रसाद, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया से विजय शंकर पात्रे ने नामांकन पत्र जमा किया है। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी परसराम यादव एवं मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र से बसपा के जयेंद्र सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। मरवाही विधानसभा क्षेत्र से मंगलवार को किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया है।
भारतीय जनता पार्टी की संयुक्त नामांकन रैली कल, 35 से 40 कार्यकर्ता चलेंगे प्रत्याशियों के साथ : भारतीय जनता पार्टी ने 1 नवंबर को संयुक्त नामांकन रैली का आयोजन किया है, पार्टी के घोषित जिले भर के सभी 7 प्रत्याशी एक साथ रविंद्रनाथ टैगोर चौक के पास युवा सदन से नामांकन दाखिल करने निकलेंगे। रैली के लिए सभी प्रत्याशियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से 5-5 हजार कार्यकर्ता लाने टारगेट दिया गया है। रैली युवा सदन से बाजेगाजे के साथ पुराना हाईकोर्ट रोड, देवकीनंदन चौक, तिलकनगर, मुख्य डाकघर होते हुए नेहरू चौक तक पहुंचेगी। इसमें प्रत्याशी अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, हर्षिता पाण्डेय, अर्चना पोर्ते, रजनीश सिंह, कृष्णमूर्ति बांधी और कांशी साहू एक वाहन में सवार होकर रैली के साथ नेहरू चौक तक पहुंचेंगे।
अनुमति 5 की, अमर परिवारजन समेत 7 लोगों के साथ पहुुंचे कलेक्ट्रेट : बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अमर अग्रवाल मंगलवार को शुभ मुर्हूत में सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने 11 बजकर 18 मिनट पर 1 सेट नामांकन दाखिल किया। नियम के मुताबिक नामांकन के दौरान एक प्रत्याशी और समर्थक समेत 5 लोग ही अंदर परिसर में जा सकते हैं लेकिन उनके साथ परिवार के सदस्य समेत 7 लोग जिला निर्वाचन अधिकारी के डायस के सामने दिखे। भाजपा प्रत्याशी अमर के साथ उनकी पत्नी शशि अग्रवाल, पुत्र आदित्य अग्रवाल, भाई बजरंग अग्रवाल, नगर निगम के महापौर किशोर राय और आलेख वर्मा समेत 7 लोग जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल करने पहुंचे।