Fraud News: रकम दोगुनी करने का लालच देकर 6.05 लाख रुपए की ठगी का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में जांजगीर निवासी अनिल कुमार पाण्डेय (48) ने कवर्धा निवासी झमिया यादव और चेतन पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
CG Fraud News: बिलासपुर जिले में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 6.05 लाख रुपए की ठगी का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में जांजगीर निवासी अनिल कुमार पाण्डेय (48) ने कवर्धा निवासी झमिया यादव और चेतन पटेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि एक साल पहले जांजगीर में एक कार्यक्रम के दौरान आरोपी झमिया यादव और चेतन पटेल से पहचान हुई।
6 अगस्त को आरोपियों ने बिलासपुर के मैग्नेटो मॉल में मिलने बुलाया। प्रार्थी अपने दो परिचितों के साथ वहां पहुंचे। आरोपियों ने फिर एक साल में डबल रिटर्न का भरोसा दिलाया। उसी दिन 1.50 लाख रुपए नगद और 70 हजार रुपए फोन-पे के जरिए झमिया यादव के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद 7 अगस्त से 16 अक्टूबर के बीच सात किस्तों में कुल 4.55 लाख रुपए फोन-पे से ट्रांसफर किए गए। इस तरह नगद और ऑनलाइन मिलाकर कुल 6 लाख 5 हजार रुपए आरोपियों को दिए गए। आरोपियों ने हर माह 50 हजार रुपए मुनाफा देने का वादा किया था। प्रार्थी के अनुसार, आरोपियों ने कुल 23 हजार रुपए (18 हजार, 3 हजार और 2 हजार) ही वापस किए। नवंबर में रकम मांगने पर झमिया यादव ने बैंक खाते में लेनदेन बंद होने का बहाना बनाया। एक सप्ताह बाद देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। चेतन पटेल ने भी टालमटोल किया।
60 साल तक सरकारी नौकरी लगाने का झांसा देकर युवतियों से 78 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कुम्हारीसानी पतेरापारा, थाना पसान, जिला कोरबा निवासी कमला बाई श्याम (42) ने पुलिस को बताया कि आरोपी श्याम, धीरू और उनके अन्य साथियों ने उनकी बेटी शशी श्याम और उसकी सहेलियों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके नाम पर नकद और फोन-पे के जरिए अलग-अलग किश्तों में रकम वसूली गई।
शिकायत के अनुसार, शशी श्याम से 19,500 रुपए नकद लिए गए। इसी तरह नगमा खान से चांदनी नामक युवती ने 19,500 रुपए, क्रांति सिंह से धीरू ने 19,500 रुपए नगद लिए, जबकि परमेश्वरी से 10,500 रुपए नगद और 9,000 रुपये फोन-पे के माध्यम से वसूले गए। इस तरह कुल 78,000 रुपए की ठगी की गई। आरोप है कि बाद में झूठी ट्रेनिंग कराकर युवतियों को गुमराह किया जाता रहा। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता अपनी बेटी और दामाद के साथ सिरगिट्टी पहुंची और थाने में शिकायत दर्ज कराई।