Road Scam: बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लॉक में 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बन रही सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आमाकोनी से बहतरा तक बनाई जा रही सड़क कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी है।
Bilaspur Road Scam: बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लॉक में 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनाई जा रही सड़क निर्माण में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक बन रही करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क कुछ ही दिनों में उखडऩे लगी है। सड़क की डामर परत हाथ लगाने भर से निकल रही है। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया है, जिसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 जनवरी से सड़क निर्माण कार्य जारी है। पीडब्ल्यूडी की निर्माण एजेंसी ने इसका ठेका ठेकेदार अतुल शुक्ला को दिया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मापदंडों का पालन नहीं किया गया। सड़क के बेस में मुरूम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया, जिससे सड़क पहली बारिश में ही धंसने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों ने सड़क की स्थिति का वीडियो बनाकर कलेक्टर संजय अग्रवाल को शिकायत सौंपी है। वीडियो में सड़क की डामर परत हाथ से उखड़ती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान अधिकारियों ने मॉनिटरिंग नहीं की, जिसका नतीजा अब सामने आ रहा है।
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो भविष्य में भी इसी तरह के घटिया निर्माण कार्य होते रहेंगे और सरकारी धन की बर्बादी जारी रहेगी।
घटिया निर्माण की शिकायत मिलने पर जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच मौके पर पहुंचे। प्रतिनिधि सभापति जिला पंचायत बिलासपुर राधा खिलावन पटेल ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है।
दिलीप लहरिया, विधायक, मस्तूरी विधानसभा के मुताबिक, सड़क निर्माण को लेकर के शिकायत मिली है। इस पर जांच कराई जाएगी। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।