
मारुति गुड्स गैरेज से मिला संदिग्ध मसाला (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Fake Everest Masala Seized:बिलासपुर जिले में नकली मसाले के कारोबार की आशंका के बीच खाद्य एवं औषधि विभाग ने व्यापार विहार स्थित एक ट्रांसपोर्ट परिसर में कार्रवाई करते हुए ‘एवरेस्ट मीट मसाला’ के संदिग्ध पैकेट जब्त किए हैं। प्राथमिक जांच में मसाले के नकली होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल विभाग पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 12 मई को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने व्यापार विहार स्थित श्री मारुति गुड्स गैरेज में जांच की। इस दौरान एवरेस्ट मसाला कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा पुष्टि के आधार कार्रवाई करते हुए वहां रखे ‘एवरेस्ट मीट मसाला’ के 9 बॉक्स संदिग्ध पाए गए। जांच के दौरान मौजूद एवरेस्ट मसाला कंपनी के प्रतिनिधि ने पैकिंग और उत्पाद को देखकर प्रथमदृष्ट्या इसे संदिग्ध बताया। इसके बाद विभाग ने करीब 50 हजार रुपए कीमत का मसाला सीज कर लिया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जहां से मसाला जब्त किया गया है, वह एक ट्रांसपोर्टर का परिसर है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह माल किस व्यापारी का है और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। विभाग लगातार ट्रांसपोर्टर से पूछताछ कर रहा है। उसे नोटिस जारी कर माल से संबंधित दस्तावेज, बुकिंग डिटेल और सप्लाई से जुड़ी जानकारी मांगी गई है।
विभाग ने एवरेस्ट कंपनी से भी विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि जब्त मसाला असली है, नकली है या पैकिंग में किसी प्रकार की गड़बड़ी का मामला है। इसके साथ ही मसाले के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। कंपनी के साथ समन्वय कर तकनीकी रिपोर्ट भी जुटाई जा रही है, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके।
सूत्रों के मुताबिक, विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि संदिग्ध मसाला कहां से आया, किसके माध्यम से भेजा गया और किस बाजार में इसकी सप्लाई होनी थी। इसके लिए मुखबिरों के जरिए भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल अब तक कोई व्यापारी या संस्था सामने नहीं आई है।
आरआर देवांगन, (डीओ), खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के मुताबिक, प्राथमिक जांच में एवरेस्ट मीट मसाला संदिग्ध प्रतीत हुआ है, इसलिए उसे सीज किया गया है। कंपनी के प्रतिनिधि से भी पुष्टि ली गई है। फिलहाल जांच जारी है। सैंपल परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट और कंपनी से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
13 May 2026 03:41 pm
Published on:
13 May 2026 01:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
