बिलासपुर

मम्मी-पापा माफ करना… प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या, मिला सुसाइड नोट

CG News: मोबाइल पर कॉल किया तो कमरे के अंदर मोबाइल की घंटी बज रही थी। संदेह होने पर दोस्तों ने खिडक़ी से झांककर देखा, तो आकाश का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया..

2 min read
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने की आत्महत्या ( Photo - Patrika )

CG News: बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवक का शव किराए के मकान के बंद कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। मृतक की पहचान आकाश कुमार पंडा (26 वर्ष) निवासी अमलीडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।

CG News: खिडक़ी से झांककर देखा तो..

जानकारी के अनुसार आकाश कपिल नगर में अकेले रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। सोमवार शाम उसके दोस्त उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंचे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दोस्तों ने काफी देर तक आवाज दी। मोबाइल पर कॉल किया तो कमरे के अंदर मोबाइल की घंटी बज रही थी। संदेह होने पर दोस्तों ने खिडक़ी से झांककर देखा, जहां आकाश का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल सरकंडा पुलिस को सूचना दी गई।

फांसी पर लटका मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। मंगलवार सुबह परिजनों के बिलासपुर पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा खोला गया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

माता-पिता का ध्यान रखना बहन

पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में आकाश ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है कि वह उनके सपनों पर खरा नहीं उतर पा रहा है और खुद को असफल बता रहा है। उसने अपनी बहन के लिए भी संदेश लिखा है कि वह माता-पिता का ख्याल रखे। नोट में कई अन्य भावनात्मक बातें भी लिखी गई हैं। पुलिस ने उसे जब्त कर इसकी जांच शुरू कर दी है।

पहले नस काटने की कोशिश, फिर फांसी

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकाश संभवत: किसी परीक्षा में असफल होने के बाद मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस को यह भी संकेत मिले हैं कि उसने पहले हाथ की नस काटने की कोशिश की, इसके बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सरकंडा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Published on:
11 Feb 2026 01:34 pm
Also Read
View All

अगली खबर