धन गुरुनानक दरबार सिंधी कॉलोनी का गुरुनानक जयंती पर आयोजन, बग्गी व ऊंटों के साथ शामिल हुए प्रभातफेरी में
बिलासपुर. धन गुरु नानक दरबार सिंधी कॉलोनी में गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इस प्रभात फेरी में गायक दलेर मेहंदी ने अपने सुमधुर वाणी से गुरु के भजन गाते हुए माहौल को भक्तिमय कर दिया। इस भव्य प्रभात फेरी में बग्गी व ऊंट भी लेकर शहर का भ्रमण किया गया। गुरु का संदेश लोगों तक पहुंचाया। धन गुरुनानक दरबार सिंधी कॉलोनी में गुरुनानक देव के जयंती के अवसर पर ६ दिवसीय प्रभात फेरी के तहत मंगलवार को गुरुनानक जयंती की सुबह साढ़े पांच बजे भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी धन गुरुनानक दरबार से शुरू हुई। महिलाएं प्रभात फेरी के आगे-आगे रास्ते में पानी डालकर झाडू लगाती रही। जिसके बाद प्रभात फेरी आगे बढ़ती रही। वाहे गुरु का संदेश शहर भर में दलेर मेहंदी ने भजन व कीर्तन के माध्यम से दिया। डॉ.हेमंत कलवानी ने बताया कि प्रभात फेरी सुबह प्रभात फेरी दरबार साहिब से सिंधी कॉलोनी, राजेन्द्र नगर, वृहस्पति बाजार से प्रताप टॉकीज चौक, पुराना पुल से सरकण्डा, सरकण्डा नया पुल होते हुए नेहरू चौक से जरहाभाठा दरबार साहिब वापस पहुंची। रास्ते भर फूलों की वर्षा करते हुए स्वागत किया गया। वहीं बहुत से लोग प्रभात फेरी का हिस्सा भी बनते चले गए। इस प्रभात फेरी में मूलचंद नारवानी, कन्हैयालाल पारवानी, महेश लालचंदानी, सुरेश वाधवानी, हरीश भागवानी, डॉ.हेमंत कलवानी, प्रकाश जज्ञासी, नरेश मेहरचंदानी, राहुल धनवानी, हुंदलदास सोमनानी, सूरज धनवानी, गंगाराम सुखीजा, अशोक आगीचा सहित बड़ी संख्या में सिंधी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।० जगह-जगह किया स्वागतप्रभात फेरी का स्वागत जगह-जगह किया गया। सबसे पहले सेंट्रल सिंधी पंचायत के लोगों ने फूलों की वर्षा करते हुए स्वागत किया। साथ ही प्रसाद भी लोगों को दिया। इसके बाद सरकण्डा में सरकण्डा पंचायत ने स्वागत किया।
जन प्रतिनिधि पहुंचे गुरुद्वारे
सिंधी कॉलोनी स्थित धनगुरुनानक दरबार साहिब में प्रभात फेरी के गुरुद्वारा पहुंचने पर जन प्रतिनिधि भी गुरुद्वारा पहुंचे। इसमें मुख्य रूप से सांसद अरुण साव, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, नगर विधायक शैलेष पांडे, तखतपुर विधायक रश्मि सिंह व भूपेन्द्र सवन्नी भी पहुंचे। सभी ने मत्था टेकर आशीर्वाद लिया। उनका सम्मान गुरुद्वारा की ओर से किया गया।