CG Suicide News: बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई, जब जेल के किचन में काम कर रहे एक कैदी ने हंसिया से अपना गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की।
CG Suicide News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई, जब जेल के किचन में काम कर रहे एक कैदी ने हंसिया से अपना गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल कैदी को तुरंत (सिम्स) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पेंड्रा निवासी विकास कश्यप पिछले दो वर्षों से हत्या के मामले में सजा काट रहा है। वर्ष 2024 में उसे अपनी दादी की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। फिलहाल जेल प्रशासन ने उसे किचन में भोजन बनाने का काम सौंपा था। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने बैरक से किचन पहुंचा। अन्य कैदियों के साथ काम करते समय उसने अचानक सब्जी काटने वाले हंसिया से अपना गला रेत लिया।
घटना के दौरान मौजूद अन्य कैदियों ने विकास को लहूलुहान हालत में तड़पते देखा और तुरंत उसे संभाला। जेल अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद जेल अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। तत्काल जेल एंबुलेंस से घायल कैदी को सिम्स अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैदी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है और उसका इलाज पहले से चल रहा था। गला कटने के कारण वह फिलहाल बातचीत करने की स्थिति में नहीं है, जिससे घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
जेल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कैदी के होश में आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।