करबला रोड भाजपा कार्यालय में शनिवार को एलइडी के माध्यम से नमो एप का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का समय 4.30 बजे निर्धारित था, लेकिन लोग पहले से ही आ चुके थे।
बिलासपुर. नारों और ग्राउंड की तैयारी में मास्टर माइंड बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में मोदी एप लाइव से एक तरह से चुनाव प्रचार का आगाज किया। 5 प्रदेशों के पांच जिलों के कार्यकताओं को उन्होंने मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा दिया। माओवाद कब खत्म होगा, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि 36 जिले मुक्त हुए, 20 प्रतिशत खत्म हो चुका। संयुक्त राष्ट्र से मिले सम्मान पर बोले कि यह देश की 125 करोड़ जनता का सम्मान है। करबला रोड भाजपा कार्यालय में शनिवार को एलइडी के माध्यम से नमो एप का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का समय 4.30 बजे निर्धारित था, लेकिन लोग पहले से ही आ चुके थे।
शाम 5 बजे पीएमओ से प्रसारण शुरू हुआ। प्रधानमंत्री ने स्क्रीन पर आते ही मेरा बूथ सबसे मजबूत के नारे लगाए और संबोधन दिया। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद लखनलाल साहू, जिला मंत्री विजयधर दीवान, जिलाध्यक्ष रजनीश सिंह और उपाध्यक्ष रामनारायण भारद्वाज समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बिलासपुर ही क्यों चुना : बिलासपुर और सरगुजा संभाग में प्रदेश की लगभग आधी 38 सीटें आती है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जोगी का भी इस इलाके में असर है, जिसे भाजपा इस्तेमाल भी करना चाहती है और जोगी इंगेज भी रखना चाहती है। सवर्ण आंदोलन के बाद से भाजपा की निगाह एससी, एसटी वोट पर है, और इन वोटों के लिए भाजपा एश्योर होना चाहती है। बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सरगुजा का बड़ा इलाका इसी वर्ग के लिए आरक्षित है। पीएम मोदी का एप से संबोधन के लिए बिलासपुर को चुनने की यह भी एक वजह है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी के जांजगीर दौरे के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। बिलासपुर संभाग की कई सीटों पर इस बार मुकाबला दिलचस्प होगा।
इन जिलों को किया गया शामिल : छत्तीसगढ़ में - बिलासपुर, मध्यप्रदेश में- मंदसौर, उत्तरप्रदेश में - बस्ती, बिहार में- धनबाद और राजस्थान में- चित्तौडगढ़़ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित किया।
तीसरे नंबर पर बिलासपुर को किया संबोधित : उत्तर प्रदेश के बस्ती और राजस्थान के चित्तौडगढ़़ जिले के बाद बिलासपुर का नंबर आया। प्रधानमंत्री ने सामने की कुर्सी पर बैठे सांसद लखनलाल साहू, मंत्री अमर अग्रवाल और विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान का नाम लिया। लेकिन विधानसभा उपाध्यक्ष की जगह उनके पुत्र जिला मंत्री विजयधर दीवान मौजूद थे। फिर सवाल जवाब का दौर शुरू हुआ। प्रधानमंत्री ने दो कार्यकर्ताओं के सवालों के जवाब दिए।
प्र.करगीकला मंडल के महामंत्री विनोद बंजारे ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या सरकार माओवाद पर विजय प्राप्त कर पाएगी?
उ. जिसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि 4 साल में प्रदेश में सरकार की नीतियों और विकास के कारण माओवाद में 20 फीसदी कमी आई है। सरकार की नीतियों का ही असर है कि 3500 माओवादियों ने सरेंडर किया। जबकि पूर्ववर्ती शासन काल में 1400 ने सरेंडर किया था। इन 4 सालों में प्रदेश के 36 जिले माओवाद मुक्त हुए हैं।
प्र. आईटी सेल के सहसंयोजक व मुंगेली मंडल के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण कुमार सोनी ने सवाल किया कि संयुक्त राष्ट्र संघ से मिले सम्मान पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है?
उ. पीएम ने कहा दूर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर मुंगेली का मंडल कार्यकर्ता यदि नेशन में क्या चल रहा है इस पर चर्चा कर रहा है तो यह गर्व का विषय है। अच्छा है, हर सफलता को दोहराना चाहिए, ताकि लोगों को जानकारी हो। यह पुरस्कार प्रधानमंत्री मोदी ने नहीं बल्कि देश की सवा सौ करोड़ जनता ने जीता है। देश की जनता ने भाजपा की सरकार पर विश्वास किया इसीलिए कड़े फैसले लेने पड़े, जिसके सुखद परिणाम आ रहे हैं।