SECL Recruitment 2026: SECL बिलासपुर ने 2026-27 के लिए 1600 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें 500 ग्रेजुएट और 1100 टेक्नीशियन पद शामिल हैं।
SECL Recruitment 2026: साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल), बिलासपुर ने वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिसशिप के तहत 1600 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की विभिन्न अंडरग्राउंड और ओपन कास्ट खदानों सहित अन्य इकाइयों में एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस भर्ती का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग, तकनीकी और सामान्य स्नातक वर्ग के युवाओं को इंडस्ट्री से जुड़ा प्रैक्टिकल अनुभव प्रदान करना है, ताकि उन्हें आगे रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। जारी जानकारी के अनुसार कुल 1600 पदों में से 500 पद ग्रेजुएट अप्रेंटिस और 1100 पद टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए निर्धारित किए गए हैं।
इन पदों में खनन, सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग से जुड़े अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। इसके अलावा बीबीए, बीसीए, बी.कॉम और बीएससी (केमिस्ट्री) जैसे कोर्स करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकेंगे। विशेष रूप से टेक्नीशियन अप्रेंटिस (माइनिंग इंजीनियरिंग) के लिए सबसे अधिक 900 पद निर्धारित किए गए हैं, जो इस भर्ती का सबसे बड़ा हिस्सा है।
इच्छुक उम्मीदवारों को पहले नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम (NATS 2.0) पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद वे एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू हो चुकी है और 31 मार्च तक जारी रहेगी।
वहीं दूसरी ओर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र मनेन्द्रगढ़ के तत्वावधान में 23 मार्च 2026 को रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह प्लेसमेंट कैंप जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा, जहां निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस रोजगार मेले में परिशराम ह्यूमन रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम (हरियाणा) द्वारा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए मीटर इंस्टॉलेशन के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा तथा उनका कार्यक्षेत्र छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में रहेगा।