
अग्निवीर पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू, चार चरणों में होगी परीक्षा, 8वीं से 12वीं पास युवा कर सकते हैं आवेदन...(photo-patrika)
Agniveer Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए इंडियन आर्मी ने अग्निवीर भर्ती 2026 का अवसर उपलब्ध कराया है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया कुल चार चरणों में संपन्न होगी।
प्रथम चरण में 1 से 15 जून 2026 के बीच ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षण, चिकित्सा परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।
इस भर्ती के अंतर्गत युवाओं को विभिन्न पदों पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा। भर्ती में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेडसमेन (8वीं एवं 10वीं पास) जैसे पद शामिल हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 17½ से 22 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, और पद के अनुसार 8वीं, 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों को विभिन्न शारीरिक गतिविधियों में अपनी क्षमता साबित करनी होगी। इसमें 1.6 किलोमीटर दौड़, पुल-अप, 9 फीट गड्ढा कूद और बैलेंसिंग बीम जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा, सामान्य ड्यूटी के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई 162 से 168 सेंटीमीटर, वजन 47 से 50 किलोग्राम, और सीना 77 सेंटीमीटर (5 सेंटीमीटर फुलाव के साथ) निर्धारित किया गया है।
अग्निवीरों को चार वर्ष की सेवा अवधि के दौरान आकर्षक वेतन और भत्ते प्रदान किए जाएंगे। पहले वर्ष में मासिक वेतन ₹30,000, दूसरे वर्ष में ₹33,000, तीसरे वर्ष में ₹36,500 और चौथे वर्ष में ₹40,000 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, सेवा अवधि पूरी होने पर उन्हें लगभग ₹11 लाख का सेवा निधि पैकेज भी प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन करें और किसी भी दलाल या बिचौलियों से सावधान रहें। अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण बोर्ड और जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।
Updated on:
16 Mar 2026 11:34 am
Published on:
16 Mar 2026 11:34 am
