
CG Weather Update: बिलासपुर में शुक्रवार को शाम 4 बजे तक कड़ी धूप की वजह से लोग हलाकान रहे, तो उसके बाद तेज हवाओं के साथ काली घटाएं छाने लगीं। इस बीच कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और दिन भर की तपिस से काफी हद तक राहत मिली। इस बीच शहर का अधिकतम तापमान 38.6 तो न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को सुबह मौसम साफ रहा। शाम 4 बजे से पहले तक कड़ी धूप रही, जिसकी वजह से लोग गर्मी से हलाकान रहे। कड़ी धूप के चलते लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। इससे बाजारों में भी कम भीड़ नजर आई। शाम 4 बजते-बजते हवाएं चलने लगी और देखते ही देखते काली घटाएं छा गईं। यह क्रम देर रात तक बना रहा है। इस बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। बहरहाल शहर का अधिकतम तापमान 38.6 तो न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। बतादें कि पिछले सोमवार तक शहर व आसपास क्षेत्र में अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस था, मंगलवार को झमाझम बारिश की वजह से तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से पश्चिमी मध्यप्रदेश होते हुए पश्चिमी विदर्भ तक औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर तक स्थित है। इसके प्रभाव से आगामी 5 दिन राज्य के कुछ स्थानों में अंधड़ के साथ हल्की बारिश का अनुमान है।
इस बीच शहर के मंगला, राजकिशोर नगर, चांटीडीह सहित अन्य इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, तो कुदुदंड, जूना बिलासपुर, कतियापारा समेत अन्य इलाकों में रह-रह कर बिजली गुल होती रही।
स्थान - अधिकतम - न्यूनतम
बिलासपुर - 38.6 - 25.4
पेंड्रा - 37.4 - 21.4
अंबिकापुर - 36.4 - 20.0
रायपुर - 38.5 - 24.0
जगदलपुर - 35.2 - 23.4
दुर्ग - 39.4 - 23.0
राजनांदगांव - 38.5 - 24.5
> अभी पांच दिनों तक गरज चमक के साथ वर्षा तथा अंधड़ के आसार बन रहे हैं।
> रायपुर में दिनभर तेज धूप के बाद शाम को बादलों ने डेरा डाला।
> 10 मई प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
> 11 मई हल्की बारिश, वज्रपात होने एवं अंधड़ चलने की संभावना।
> 12 से 14 मई हल्की बारिश, वज्रपात होने एवं अंधड़ चलने की संभावना।