
बिलासपुर. पत्रिका पोल बुलेटिन में शनिवार को सुबह की बड़ी खबर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पाली तानाखार के विधायक रामदयाल उइके के कांग्रेस छोड़कर फिर से भाजपा वापसी की खबर का विश्लेषण किया गया। कि आखिर उनके समक्ष ऐसी नौबत क्यों आई और भाजपा को इससे क्या लाभ होगा। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रस कमेटी के प्रवक्ता अभय नारायण राय और भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र गुंबर ने बेबाकी से अपनी राय रखी। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय ने कहा कि पार्टी ने विधायक रामदयाल उइके को पूरा सम्मान दिया उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष के पद का दायित्व दिया गया। यदि पार्टी के किसी निर्णय या किसी व्यक्ति विशेष से नाराजगी रही तो बड़े नेताओं के समक्ष अपनी बात रख सकते थे। जहां तक सीडी कांड का सवाल है तो ये पूरा का पूरा भाजपा का षडयंत्र है। जो भी नेता पार्टी छोड़कर सत्ता की चकाचौंघ में शामिल हो रहे हैं उनका निशाना प्रदेश अध्यक्ष और सीडी कांड ही हो रहा है।
वहीं भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र गुंबर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर कुर्बानी लेने जैसी कोई बात नहीं है। भाजपा के विकास मॉडल को देखकर कांग्रेस के नेता भी प्रभावित है यही वजह है इसके अलावा कांग्रेस में यथोचित सम्मान न मिलना भी एक वजह है। भाजपा में सभी को सम्मान दिया जाता है वे पहले भी भाजपा से विधायक रहे उनके आने से पार्टी को लाभ होगा। उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा की नीति से प्रभावित होकर और भी लोग आ रहे हैं उनमें उत्सुकता है पर नाम लेना उचित नहीं है।
पत्रिका के राजनीति विश्लेषक राजीव द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पार्टी के बड़े नेताओं का इस तरह ऐन चुनाव के वक्त पार्टी छोडकर जाना उचित नहीं है निश्चित तौर पर इससे कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मानसिकता पर असर पड़ेगा पार्टी का लक्ष्य प्रभावित होगा।