
Chhattisgarh News: बारिश के बाद जगह-जगह करंट का खतरा मंडरा रहा है। जांजगीर चांपा में मोबाइल में बात कर रहे युवक की मौत के बाद इधर रतनपुर में भी हाईटेंशन बिजली के संपर्क में आने से मौत हो गई। रतनपुर क्षेत्र में दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। बकरियों के लिए चारा जुटाने निकला एक ग्रामीण कुछ ही पलों में काल के गाल में समा गया। पेड़ से पत्तियां तोडऩे के दौरान लंबे बांस में लगा लोहे का हंसिया ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट बांस के जरिए उसके शरीर में दौड़ गया और 40 वर्षीय पुन्नी धीवर की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पुन्नी रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे अपनी बकरियों को चराने के लिए मेलाभाटा ग्राउंड की ओर गया था। बकरियों के चारे के लिए वह एक पेड़ से पत्तियां तोड़ रहा था। इसके लिए उसने लंबे बांस के ऊपरी हिस्से में लोहे का हंसिया बांध रखा था। जिस पेड़ से पत्तियां तोड़ी जा रही थीं, उसके ठीक ऊपर से 33 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। पत्तियां काटने के दौरान अचानक हंसिया बिजली के तार से छू गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उसकी मदद के लिए दौड़े। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मामला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुई दुर्घटनावश मौत का माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय परिस्थितियां क्या थीं।