Birth Anniversary: ज्यादातर लोग भारती सिंह को ही पहली फीमेल कॉमेडियन समझते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। बॉलीवुड की पहली फीमेल कॉमेडियन कोई और है, जिनकी 11 जुलाई को बर्थ एनिवर्सरी है।
Birth Anniversary: फीमेल कॉमेडियन की बात आती है तो सबसे पहला नाम भारती सिंह का आता है, लेकिन भारती सिंह बॉलीवुड की पहली फीमेल कॉमेडियन नहीं हैं। बॉलीवुड की पहली फीमेल कॉमेडियन का नाम टुनटुन (असली नाम- उमा देवी) है। वह अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने पर्दे पर कॉमेडी के खूब रंग भरे और कॉमेडी में अपनी नेचुरलिटी से कई लोगों के दिल जीते। हालांकि, उनकी निजी जिंदगी में उन्हें मुस्कुराने का मौका कम ही नसीब हुआ। 11 जुलाई को टुनटुन की बर्थ एनिवर्सरी है। इस मौके पर आइए उनके बारे में जानते हैं।
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के छोटे से गांव में जन्मी टुनटुन दो या ढाई साल की थीं, जब जमीन के झगड़े की वजह से उनके मम्मी-पापा की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उनके चाचा उन्हें पाल रहे थे, लेकिन 13 साल की उम्र में टुनटुन घर छोड़कर भाग गईं और मुंबई पहुंच गईं। यहां उनकी मुलाकात सिंगर नौशाद से हुई। टुनटुन बचपन से ही सिंगर बनना चाहती थीं इसलिए मुलाकात के दौरान उन्होंने एक गाना गाया। वहीं नौशाद टुनटुन की आवाज सुनकर खुश हो गए और उन्हें गाने का मौका दिया। टुनटुन ने सबसे पहला गाना गाया था 'अफसाना लिख रही हूं।' यह गाना खूब हिट हुआ, जिसके बाद टुनटुन की झोली में कई और गाने आ गए।
टुनटुन ने कई गानों को अपनी आवाज दी थी, लेकिन फिर आशा भोसले, लता मंगेशकर और नूरजहां जैसे कलाकारों को दौर शुरू हो गया। ऐसे में टुनटुन को काम मिलना कम होने लगा, जिसकी वजह से उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। 1950 में टुनटुन पहली बार फिल्म 'बाबुल' में नजर आईं थीं और फिर वह बॉलीवुड की पहली फीमेल कॉमेडियन बन गई थी। टुनटुन का शरीर मोटा था, इसलिए ऐसा कहा जाता है कि मोटापे की वजह से ही टुनटुन को कॉमेडी रोल ऑफर होते थे। ऑडियंस ने भी उनके काम को खूब सराहा और कॉमेडियन बनकर टुनटुन को बेशुमार शोहरत मिली। हालांकि, जब टुनटुन ने एक्टिंग छोड़ दी तो उनके दिन अच्छे नहीं गुजरे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टुनटुन अपनी आखिरी दिनों में एक चॉल में रहती थीं।