
Bobby Deol Joru Ka Gulam comment reply: बॉलीवुड के 'लॉर्ड बॉबी' यानी बॉबी देओल ने काफी लंबे अरसे बाद इंडस्ट्री में वापसी की थी। फिल्म 'एनिमल' में अबरार हक के खूंखार किरदार से बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने के बाद, बॉबी का करियर एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गया है। आजकल वह जहां भी जाते हैं, छा जाते हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर बॉबी देओल का एक बयान तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपने करियर, निजी जिंदगी और अपनी पत्नी तान्या देओल के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात करते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत के दौरान जब एंकर ने उनके लिए 'जोरू का गुलाम' शब्द का इस्तेमाल किया, तो बॉबी थोड़ा चिढ़ गए और उन्होंने इस पर मजेदार लेकिन बेबाक जवाब दिया।
बॉबी देओल का एक इंटरव्यू सामने आया है। जिसमें एक्टर काले रंग की टी-शर्ट और स्टाइलिश सफेद फ्रेम वाला चश्मा पहने बेहद कूल अंदाज में नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान बॉबी अपनी पत्नी तान्या की तारीफ करते हुए कहते हैं, "मेरी पत्नी ने मुझसे बोला है कि यह चश्मा पहनना, ये जूते पहनना, यह पैंट और यह टी-शर्ट पहनना।"
इस पर जब शो की होस्ट उनसे कहती हैं कि "चश्मा उतारना नहीं", तो बॉबी बड़े ही प्यारे अंदाज में जवाब देते हैं, "मेरी पत्नी को अच्छा लगता है मुझ पर।" ऐसे में होस्ट कहती हैं कि उनकी पत्नी तो अभी यहां मौजूद नहीं हैं, तो बॉबी मुस्कुराते हुए कहते हैं, "वह शो तो देखेगी ना!"
बॉबी की अपनी पत्नी के लिए इस दीवानगी और आज्ञाकारी अंदाज को देखकर उनसे सवाल पूछा गया कि क्या वह "जोरू का गुलाम हैं? यह शब्द सुनते ही बॉबी देओल के चेहरे के भाव थोड़े बदल जाते हैं और वह हल्के से चिढ़ते हुए तुरंत पलटकर जवाब देते हैं, "मैं नहीं हूं जोरू का गुलाम... मेरी पत्नी मेरे लिए सब कुछ कर लेती है।"
जब उनसे अगला सवाल गया कि जब पत्नी सब करती हैं "तो फिर आप क्या करते हो?", तब बॉबी बहुत ही शालीनता से कहते हैं, "मैं बस आपको बता रहा हूं कि मैं बहुत भाग्यशाली यानी ब्लेस्ड हूं। सच कहूं तो उसने मुझे बहुत ज्यादा बिगाड़ दिया है।" बॉबी देओल का अपनी पत्नी के लिए यह सम्मान और प्यार भरा अंदाज फैंस को बेहद पसंद आ रहा है।
एक समय था जब बॉबी देओल का करियर काफी धीमा पड़ गया था और उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गई थीं। लेकिन अपनी कड़ी मेहनत और शानदार बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के दम पर उन्होंने इंडस्ट्री में ऐसा कमबैक किया है कि आज हर बड़ा डायरेक्टर उनके साथ काम करना चाहता है। वहीं, बॉबी देओल जल्द फिल्म बंदर में नजर आने वाले हैं।