
Esha Deol Review Bobby Deol Bandar movie: हिंदी सिनेमा के ही-मैन कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) के हालिया निधन से पूरा देओल परिवार में मातम छा गया था। धीरे-धीरे वह उस गम से बाहर आ रहे हैं और अपनी जिंदगी में आगे बढ़ रहे हैं। अब ऐसे में उनके छोटे बेटे बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' आखिरकार आज 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। धर्मेंद्र के जाने के गम के बीच देओल परिवार इस फिल्म के जरिए बॉबी के काम को सपोर्ट करने के लिए एक साथ खड़ा नजर आ रहा है।
रिलीज से ठीक पहले, गुरुवार को मुंबई में इस फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग रखी गई थी, जहां बॉबी की सौतेली बहन और अभिनेत्री ईशा देओल भी वहां पहुंची। फिल्म देखने के बाद ईशा ने सोशल मीडिया पर अपने भाई बॉबी की एक्टिंग की जमकर तारीफ की है और फैंस से इसे थिएटर्स में देखने की अपील की है।
गुरुवार को ईशा देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बॉबी देओल और उनकी पत्नी तान्या देओल के साथ एक बेहद खूबसूरत तस्वीर शेयर की। अपने भाई के दमदार अभिनय की सराहना करते हुए ईशा ने कैप्शन में लिखा, "आप इस फिल्म में अपने सबसे बेहतरीन रूप में हैं! बिना किसी शक के आप आज के दौर के सबसे सर्वश्रेष्ठ अभिनेता हैं। बहुत ही धैर्यवान और संवेदनशील! शाबाश भैया।" इसके साथ ही उन्होंने फैंस से आग्रह करते हुए लिखा, "थिएटर्स में जाओ और बंदर देखो!" बाद में बॉबी देओल ने भी अपनी बहन के इस प्यार पर आभार जताते हुए इस पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर री-शेयर किया।
मशहूर निर्देशक अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) के निर्देशन में बनी 'बंदर' एक डार्क क्राइम-थ्रिलर फिल्म है, जिसे निखिल द्विवेदी ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म वास्तविक जीवन की घटनाओं से मेल खाली है और इसकी कहानी एक ऐसे उम्रदराज टेलीविजन स्टार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर उसकी पूर्व प्रेमिका ने बलात्कार का गंभीर आरोप लगाया है। फिल्म में बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद और जितेंद्र जोशी जैसे शानदार कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
इस फिल्म को समीक्षकों से काफी सकारात्मक रिव्यूज मिल रहे हैं और कई लोगों ने इसे बॉबी देओल के करियर का अब तक का सबसे दमदार और यादगार काम बताया है। बॉबी ने खुद एर इंचरव्यू में कहा, "हम सभी ऐसे किरदार निभाने का सपना देखते हैं जो हमारी प्रतिभा को निखारें, लेकिन ऐसे मौके आसानी से नहीं मिलते। मुझे यह अवसर मिलने पर बहुत खुशी है।"
'बंदर' के बाद बॉबी देओल जल्द ही यश राज फिल्म्स के मशहूर स्पाई यूनिवर्स की अगली बड़ी फिल्म 'अल्फा' (Alpha) में एक खतरनाक विलेन के रूप में नजर आने वाले हैं। शिव रावेल द्वारा निर्देशित इस फिल्म में आलिया भट्ट, शरवरी और अनिल कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आगामी 3 जुलाई को रिलीज होगी, जिसे लेकर बॉबी बेहद उत्साहित हैं।