
Kangana Ranaut on Ranveer Singh FWICE Ban: बॉलीवुड के 'धुरंधर' यानी रणवीर सिंह इन दिनों एक बड़ी मुश्किल में फंसे हुए हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ (FWICE) ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बैन लगा दिया है। रणवीर सिंह पर आरोप है कि उन्होंने फिल्म 'डॉन 3' को अचानक छोड़ दिया, जिससे मेकर्स को भारी नुकसान हुआ है। पहले इस मामले में सलमान खान कूदे थे और अब अब इस पूरे हाई-प्रोफाइल विवाद में बॉलीवुड की 'पंगा क्वीन' कही जाने वालीं कंगना रनौत की भी एंट्री हो गई है। हमेशा की तरह कंगना ने इस मुद्दे पर अपना बेबाक और अनोखा बयान दिया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। साथ ही उन्होंने रणवीर की इस दौरान हैसियत पर भी चुप्पी तोड़ी...
कंगना रनौत मंगलवार को अपनी आने वाली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के ट्रेलर लॉन्च पर पहुंची थीं। जब वहां मौजूद पत्रकारों ने उनसे रणवीर सिंह पर लगे इस बैन को लेकर सवाल पूछा, तो कंगना मुस्कुराईं और अपने ही अंदाज में जवाब दिया। कंगना ने कहा, "आप यह सवाल मुझसे पूछ रहे हैं? मुझ पर तो पूरी इंडस्ट्री ने बैन लगा रखा है! सच तो यह है कि जब जिंदगी में आपकी हकीकत और कामयाबी बढ़ती है, तो आपके दुश्मन भी बढ़ने लगते हैं। ऐसा हो ही नहीं सकता कि आप आगे बढ़ें और आपके विरोधी न खड़े हों।"
कंगना ने आगे कहा, "आज रणवीर सिंह को बैठकर सोचना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है कि उनके इतने दुश्मन बन गए हैं! वैसे यह अच्छा संकेत है। जब आप लाइफ में आगे कदम बढ़ाते हैं, तो कई तरह की रुकावटें आती हैं। मेरे साथ तो ऐसा बहुत बार हुआ है, लेकिन आज मैं अच्छा काम कर रही हूं। अंत में सब कुछ ठीक हो ही जाता है।"
इस पूरे विवाद की जड़ें साल 2023 से जुड़ी हैं, जब शाहरुख खान के बाद 'डॉन 3' के लिए रणवीर सिंह के नाम का ऑफिशियल अनाउंसमेंट हुआ था। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन दिसंबर 2025 में अचानक खबरें आईं कि रणवीर ने इस फिल्म से अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं। रणवीर के इस फैसले से फिल्म के मेकर्स यानी एक्सेल एंटरटेनमेंट के फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी काफी नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच मतभेद गहरा गए।
फरहान अख्तर ने पिछले महीने FWICE का दरवाजा खटखटाया और शिकायत दर्ज कराई कि रणवीर के अचानक प्रोजेक्ट छोड़ने से उन्हें करीब 45 करोड़ रुपये का भारी नुकसान झेलना पड़ा है। इसी शिकायत के बाद फेडरेशन ने रणवीर के खिलाफ एक्शन लिया। इस बीच चर्चा यह भी उड़ी कि फिल्म में ऋतिक रोशन को लिया जा रहा है, हालांकि ऋतिक ने बाद में इन खबरों को महज एक अफवाह बताया।
बैन और विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह के प्रवक्ता ने एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर अपनी बात रखी है। बयान में कहा गया, "रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और डॉन फ्रैंचाइज़ से जुड़े हर शख्स का दिल से सम्मान करते हैं। इस पूरे मामले पर उन्होंने जानबूझकर चुप्पी बनाए रखी है, क्योंकि उनका मानना है कि प्रोफेशनल बातों और आपसी रिश्तों को हमेशा गरिमा, मैच्योरिटी और सम्मान के साथ ही सुलझाना चाहिए।"
दूसरी तरफ, बात करें कंगना रनौत की तो उनकी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है, जिसका निर्देशन मनोज तापड़िया ने किया है। अब देखना होगा कि कंगना की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है और रणवीर का यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।