
Akshaye Khanna Was not First Choice For Dhurandhar: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2'इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही हैं। रणवीर सिंह की इस फिल्म ने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्म के सबसे दमदार किरदार 'रहमान डकैत' के लिए अक्षय खन्ना मेकर्स की पहली पसंद नहीं थे? मशहूर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि अक्षय खन्ना से पहले तीन बड़े सितारों ने इस रोल को करने से मना कर दिया था।
मुकेश छाबड़ा ने बताया कि 'रहमान डकैत' के रोल के लिए उन्होंने बॉलीवुड के दो और साउथ के एक बड़े सुपरस्टार से संपर्क किया था। हालांकि, उन तीनों ने ही फिल्म का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया। इनकार की वजहें काफी हैरान करने वाली थीं। मुकेश के मुताबिक, "एक एक्टर ने कहा कि फिल्म में पहले से ही बहुत सारे कलाकार हैं, इसलिए वह भीड़ का हिस्सा नहीं बनना चाहते। वहीं दूसरे का तर्क था कि यह पूरी तरह रणवीर सिंह की फिल्म है, तो उन्हें इसमें क्या फुटेज मिलेगी?"
तीन रिजेक्शन के बाद टीम अक्षय खन्ना के पास पहुँची। अक्षय के बारे में बात करते हुए मुकेश छाबड़ा ने कहा, "अक्षय उन कलाकारों में से हैं जो अपने दिल की सुनते हैं। उन्होंने जैसे ही स्क्रिप्ट सुनी, उन्हें वह बेहद पसंद आई और महज 24 घंटे के अंदर उन्होंने फिल्म के लिए हां कह दिया। अक्षय की खासियत यह है कि वह आसपास के लोगों की राय के बजाय अपनी समझ पर भरोसा करते हैं।" आज फिल्म देखने के बाद हर कोई मान रहा है कि अक्षय खन्ना ने इस किरदार में जो जान फूंकी है, वह शायद ही कोई और कर पाता।
सिर्फ रहमान डकैत ही नहीं, फिल्म में 'यालिना' के किरदार की कास्टिंग भी काफी चुनौतीपूर्ण थी। मुकेश ने बताया कि इस रोल के लिए उनके पास अनगिनत सिफारिशें आ रही थीं, लेकिन डायरेक्टर आदित्य धर को एक बिल्कुल नया चेहरा चाहिए था। यालिना की खोज के लिए करीब 1000 से ज्यादा लड़कियों का ऑडिशन लिया गया, तब जाकर परफेक्ट चेहरा मिला।
कमाई के मामले में 'धुरंधर' सीरीज ने हिंदी सिनेमा के सारे पुराने कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए हैं। पहली फिल्म 'धुरंधर' ने भारत में 840.20 करोड़ और दुनियाभर में 1,307.35 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, 'धुरंधर 2' तो और भी आगे निकल गई है। महज 15 दिनों के अंदर इस फिल्म ने भारत में 920.02 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1,466.47 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजी बन चुकी है।