
Ranveer Singh Don 3 controversy legal notice: बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह और फिल्म 'डॉन 3' (Don 3) को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले हफ्ते फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने एक बड़ा कदम उठाते हुए रणवीर सिंह के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन' यानी असहयोग निर्देश जारी किया था और अपने सभी सदस्यों को उनके साथ काम न करने की हिदायत दी थी। यानी एक तरह से फिल्म इंडस्ट्री की इस सबसे बड़ी संस्था ने रणवीर सिंह पर बैन लगाने की मांग कर दी थी। अब इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए रणवीर सिंह ने भी बड़ा कदम उठाते हुए कानूनी रास्ता अपनाया है और FWICE को एक कड़ा लीगल नोटिस थमा दिया है।
एक रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह ने मंगलवार को फिल्म वर्कर्स की इस संस्था को यह कानूनी नोटिस भेजा है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं हो पाया है कि रणवीर ने इस नोटिस में क्या मांगें रखी हैं, लेकिन इस कदम के बाद अब FWICE को अदालत के सामने अपना पक्ष रखना होगा और जवाब देना होगा।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब पिछले हफ्ते FWICE ने अपने मेंबर्स से कहा कि कोई भी उनके साथ काम नहीं करेगा। संस्था के अध्यक्ष अशोक पंडित ने बताया था कि उन्होंने रणवीर सिंह को अपनी बात रखने के लिए कई नोटिस भेजे थे, लेकिन एक्टर की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद संस्था को यह कड़ा एक्शन लेना पड़ा और उन्होंने बाकी प्रोड्यूसर्स से भी इस मामले में स्टैंड लेने की अपील की थी।
इस पूरे फसाद की जड़ 'डॉन 3' फिल्म है। कुछ समय पहले डायरेक्टर फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने एलान किया था कि शाहरुख खान के बाद अब रणवीर सिंह नए 'डॉन' बनने जा रहे हैं। लेकिन हाल ही में खबरें आईं कि रणवीर सिंह ने अचानक इस फिल्म को छोड़ दिया है।
रणवीर के इस फैसले से नाराज होकर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने FWICE में शिकायत दर्ज कराई। 25 मई को जारी एक नोटिस में मेकर्स ने बताया कि वह फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर पहले ही लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च कर चुके थे। एक्टर के इस तरह अचानक प्रोजेक्ट से बाहर होने के कारण उन्हें भारी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा है। इसी शिकायत के बाद यूनियन ने रणवीर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
'डॉन 3' से अलग होने और इस बड़े विवाद के बीच रणवीर सिंह अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स पर ध्यान दे रहे हैं। खबरों की मानें तो वह जल्द ही 'उरी' फेम डायरेक्टर आदित्य धर के साथ एक बड़ी फिल्म में नजर आने वाले हैं, हालांकि इस फिल्म के नाम का अभी एलान नहीं हुआ है। इसके अलावा, रणवीर सिंह डायरेक्टर जय मेहता की भी एक आगामी फिल्म का हिस्सा हैं, जो एक दिलचस्प जॉम्बी (Zombie) कॉन्सेप्ट पर आधारित होने वाली है। अब देखना यह होगा कि कोर्ट के इस दखल के बाद रणवीर और फरहान अख्तर के बीच का यह विवाद सुलझता है या और गहराता है।