बॉलीवुड

शाहरुख खान के घर ‘मन्नत’ में घुसे दो सांप, इसी साल सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट से भी मिला था सांप

Shahrukh Khan Mannat Snake Found: बॉलीवुड के किंग खान के घर 'मन्नत' में दो सांप नजर आए हैं। एक को टीम ने रेस्क्यू कर लिया है जबकि दूसरे सांप की तलाश अभी भी जारी है।
3 min read
Aug 18, 2026
Shahrukh Khan Mannat Snake Found
शाहरुख खान (फोटो सोर्स- IMDb)

Shahrukh Khan Mannat Snake Found: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान का मुंबई स्थित आलीशान बंगला ‘मन्नत’ एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह कोई फिल्म या फैन नहीं, बल्कि बंगले के परिसर में नजर आए दो सांप हैं। 17 अगस्त की रात मन्नत के लॉन में दो सांप दिखाई देने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को अलर्ट कर दिया गया। आनन-फानन में स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया गया, जिसने एक सांप को सुरक्षित पकड़ लिया, जबकि दूसरा सांप अभी भी परिसर में कहीं छिपा हुआ बताया जा रहा है।

'मन्नत' में दिखाई दिए दो सांप

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8 बजे स्नेक रेस्क्यूअर को मन्नत के अंदर दो सांप दिखाई देने की सूचना मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने बंगले के परिसर में तलाशी शुरू की। काफी मशक्कत के बाद एक सांप को सीढ़ियों के नीचे से सुरक्षित निकाल लिया गया।

रेस्क्यू किए गए सांप की लंबाई करीब 8 फीट बताई जा रही है। उसकी पहचान धामन के तौर पर हुई है, जिसे इंडियन रैट स्नेक भी कहा जाता है। राहत की बात यह है कि धामन जहरीला सांप नहीं होता। सांप के गैर-जहरीले होने की जानकारी मिलने के बाद मन्नत के स्टाफ और सुरक्षा गार्ड्स ने भी राहत की सांस ली।

दूसरा सांप अब भी नहीं आया पकड़ में

रेस्क्यू टीम ने दूसरे सांप को भी तलाशने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। बताया जा रहा है कि परिसर में लोगों की आवाजाही के बीच दूसरा सांप कहीं चला गया। इसके बाद टीम ने आसपास के हिस्सों में उसकी तलाश की, लेकिन देर तक उसका पता नहीं चल सका।

अब पुलिस और संबंधित रेस्क्यू टीम की मदद से दूसरे सांप की लोकेशन तलाशने की कोशिश की जा रही है, ताकि उसे भी सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके।

समुद्र किनारे बना है शाहरुख का मशहूर बंगला

शाहरुख खान का घर ‘मन्नत लैंड्स एंड’ मुंबई के बांद्रा स्थित बैंडस्टैंड इलाके में समुद्र के सामने बना हुआ है। यह सिर्फ शाहरुख खान का घर नहीं, बल्कि मुंबई आने वाले उनके फैंस के लिए भी एक मशहूर स्पॉट बन चुका है। अक्सर फैंस अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए मन्नत के बाहर जमा रहते हैं।

हालांकि इन दिनों शाहरुख खान और उनका परिवार मन्नत में नहीं रह रहा है। बंगले में पिछले कुछ समय से रेनोवेशन का काम चल रहा है। इसी वजह से परिवार फिलहाल बांद्रा के पाली हिल इलाके में स्थित एक लग्जरी अपार्टमेंट में रह रहा है।

कभी खरीदने के लिए शाहरुख के पास नहीं थे पूरे पैसे

शाहरुख खान ने मन्नत को साल 2001 में खरीदा था। बताया जाता है कि अभिनेता ने इस बंगले को पहली बार 1997 में फिल्म ‘यस बॉस’ की शूटिंग के दौरान देखा था और तभी उन्हें यह जगह पसंद आ गई थी।

मन्नत खरीदने के समय शाहरुख के पास इसकी पूरी कीमत चुकाने के लिए पर्याप्त रकम नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने अपना सपना पूरा करने का फैसला किया और बाकी रकम के लिए लोन लिया। बाद में गौरी खान ने घर के इंटीरियर को अपने तरीके से डिजाइन किया। आज मन्नत मुंबई के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी घरों में गिना जाता है। बता दें, इससे पहले इसी साल मई में सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में भी सांप मिला था जिसे टीम ने रेस्क्यू कर लिया था।

‘किंग’ में नजर आएंगे शाहरुख खान

वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस एक्शन थ्रिलर में उनके साथ दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, राघव जुयाल और रानी मुखर्जी जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म को 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की जानकारी दी गई है।

Updated on:
18 Aug 2026 03:16 pm
Published on:
18 Aug 2026 03:16 pm