
Tiger Shroff First Statement on Firing: बॉलीवुड के फेमस एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर रविवार को हुए आत्मघाती हमले से पूरे मुंबई में दहशत का माहौल है। इस घटना से जुड़े एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस सनसनीखेज गोलीबारी की घटना को लेकर टाइगर श्रॉफ ने मुंबई पुलिस को अपने बयान में क्या बताया है वो सामने आ रहा है। जिसमें उन्होंने उस खौफनाक शाम की एक-एक बात शेयर की है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि यदि अभिनेता ने एक सेकंड की भी चूक कर दी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। कैसे कई राउंड फायरिंग में भी वह बच गए?
रिपोर्ट्स के अनुसार, टाइगर श्रॉफ ने पुलिस के साथ फायरिंग की कई जानकारी शेयर की है, जिसके मुताबिक, रविवार को जब टाइगर श्रॉफ अपनी कार से लौट रहे थे, तभी अचानक हमलावरों ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमलावरों ने कार पर कुल पांच राउंड फायरिंग की, जिनमें से दो गोलियां सामने से और तीन गोलियां बगल से दागी गई थीं।
जांच में पता चला है कि एक आरोपी ने कथित तौर पर सामने से दो गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली कार के बोनट पर जा लगी, जबकि दूसरी गोली विंडस्क्रीन और दरवाजे के फ्रेम के बीच जा धंसी। वहीं, दूसरे आरोपी ने बगल से गोलियां चलाईं। गनीमत यह रही कि जैसे ही गोलियों की तड़तड़ाहट और आवाज सुनाई दी, टाइगर श्रॉफ ने पलक झपकते ही बेहद सतर्कता दिखाई और अपनी सीट पर तुरंत पीछे की ओर झुक गए। अभिनेता की इसी तुरंत प्रतिक्रिया ने उन्हें बगल से आई गोलियों की चपेट में आने से बचा लिया।
इस अंधाधुंध गोलीबारी में अभिनेता की जान तो बच गई, लेकिन सामने से आई गोलियों में से एक गोली उनके ड्राइवर फिरदौस बलूच को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जैसे ही हमलावर फायरिंग करके वहां से भागे, माहौल में अफरा-तफरी मच गई। टाइगर ने बिना घबराए और अपनी जान की परवाह किए बिना स्थिति को संभाला।
ड्राइवर के घायल होकर सीट से हटने के बाद, टाइगर ने तुरंत ड्राइविंग सीट की कमान संभाली और घायल फिरदौस को लेकर सीधे अस्पताल की तरफ रवाना हो गए। पुलिस अब टाइगर द्वारा बताए गए इस पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका को आधार बनाकर अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है, ताकि इस साजिश के पीछे के सभी चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
बता दें, तीनों हमलावरों को पुलिस ने राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। पहले खबर थी कि एक हमलावर नाबालिग है, लेकिन अब सामने आया है कि तीनों बालिग है। वहीं, इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्वोई गैंग ने ली है।