Usha Uthup Didi Go Controversy: दिग्गज पॉप सिंगर उषा उथुप ने ममता बनर्जी की हार का जश्न मनाने के दावों वाली वायरल पोस्ट 'दीदी गो' गाने के दावों पर अब रिएक्शन दिया है और कहा है कि वो ये गाना पिछले 25 सालों से गए रही हैं।
Usha Uthup Didi Go Controversy: दिग्गज गायिका उषा उथुप ने अपने पुराने गीत "दीदी गो" परफॉरमेंस को ममता बनर्जी से जुड़े राजनीतिक विवाद से जोड़ने वाले वायरल दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। आखिरकार उस वायरल थ्रेड पर रिएक्शन देते हुए उन्होंने साफ किया कि ये वीडियो पुराना है, और ये गीत 25 सालों से ज्यादा समय से गाया जा रहा है, और वो हमेशा से कोलकाता में ही रही हैं।
उषा उथुप ने हाल ही में एक परफॉरमेंस के दौरान अपना 25 साल पुराना मशहूर सिंगल 'दीदी' गाया था, जो अल्जीरियाई संगीतकार खालिद के इसी नाम के हिट गाने से प्रेरित था, और अब जब कि ममता बनर्जी की पार्टी, तृणमूल कांग्रेस इस महीने की शुरुआत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हार गई है तो इसको उनकी हार के जश्न के रूप में वायरल किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट के मुताबिक, दावा किया गया कि टीएमसी सरकार के समय उषा उथुप मुंबई शिफ्ट हो गई थीं, क्योंकि पिछली बंगाल सरकार उनसे कथित तौर पर पैसे मांग रही थी। लेकिन अब उषा उथुप ने इस सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। उन्होंने यह भी कहा कि वो कभी कोलकाता से मुंबई नहीं आईं।
पोस्ट में लिखा था, "प्रिय मित्रों और संगीत प्रेमियों… ट्विटर और व्हाट्सएप पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसके बारे में मैं बस इतना कहना चाहती हूं: कृपया मुझे उन विवादों में बेवजह न घसीटें जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मैं विवादित गीत 25 सालों से अधिक समय से गा रहीं हूं। मैंने कभी कोलकाता नहीं छोड़ा और न ही मैं मुंबई नहीं गई। मैं हमेशा से यहीं हूं।"
इसके साथ ही उषा उथुप ने कैप्शन में विवाद पर बात करते हुए लिखा, “उस पोस्ट में कही गई कई बातें गलत और भ्रामक हैं। विवादित गीत एक बंगाली गीत है, जिसे कई साल पहले बनाया गया था और ये एक अरबी धुन से प्रेरित है। मैं इसे दो दशकों से अधिक समय से गा रही हूं।”
उषा उथुप ने बताया, "मैं यह बताना चाहूंगी कि मैं 1976 से कोलकाता में रह रही हूं और तब से मैं कोलकाता छोड़कर कभी मुंबई नहीं गई। कोलकाता हमेशा से मेरा घर रहा है, और मैं इस शहर और यहां के लोगों के प्रति अपार प्रेम के साथ यहीं रहती और काम करती हूं।"
उन्होंने अपने पोस्ट के आखिर में लिखा, "उस पोस्ट में फैलाई जा रहीं चीजें, कमेंट्स और बातें पूरी तरह से मेरी नहीं हैं, और मैं उनसे किसी भी तरह से जुड़ी नहीं हूं और न ही उनकी कोई जिम्मेदारी लेती हूं। कृपया मुझे अनावश्यक रूप से उन विवादों में न घसीटें जिनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है।"
जानकारी के लिए बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब उषा उथुप का मंच पर 'दीदी' गाना गाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
हालांकि, इसके कैप्शन ने हलचल मचा दी। कैप्शन में लिखा था, “दीदी के बंगाल छोड़ने की खुशी में उषा उथुप ने 'दीदी गो' गाकर खूब मस्ती की। गौरतलब है कि टीएमसी शासन के दौरान उनसे कथित तौर पर उनके प्रदर्शन के लिए कमीशन की मांग की गई थी, जिसके कारण वो परेशान हुईं और मुंबई चली गईं। और अब वो वापस लौट आई हैं।”
हालांकि, वीडियो पुराना बताया जा रहा है, क्योंकि उषा ने अपने अकाउंट पर वीडियो के साथ एक पोस्ट शेयर किया है। वीडियो में उषा के चेहरे पर मास्क साफ दिख रहा है, जिससे पता चलता है कि यह वीडियो कुछ साल पुराना होगा और शायद कोविड महामारी के दौरान शूट किया गया होगा।