बुलंदशहर

बेसहारा पशुओं ने किसान पर हमला कर ले ली जान, परिजनों में मचा कोहराम

ग्रामीणों का कहना है कि बेसहारा पशु के हमले में पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं। खेतों में फसलों को बर्बाद कर रहे हैं।

2 min read

बुलंदशहर. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के थाना अरनिया क्षेत्र में इन दिनों बेसहारा पशुओं का आतंक है। सैकड़ों के झुंड में घूम रहे ये आवारा पशु राह चलते लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। गांव रनियावली में इन्हीं बेसहारा पशुओं के हमले में एक किसान की मौत हो गई। बेसहारा पशुओं ने किसान पर हमला कर उसकी जान ले ली। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।

अरनिया थाना क्षेत्र के गांव रनियावली निवासी किसान अजीत सिंह अपने खेतों की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बेसहारा पशुओं के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह किसान को पशुओं के झुंड से बचाया। लेकिन जब तक वह गंभीर घायल हो गया था। हमले में किसान की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। जिसे उपचार के लिए परिजन अलीगढ़ अस्पताल ले गए। जहां से चिकित्सकों ने उसे नोएडा के लिए रेफर कर दिया था। सुबह उपचार के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में चींख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों का कहना है कि बेसहारा पशु के हमले में पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं। खेतों में फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इसके लिए वे कई बार थाना पुलिस से लेकर प्रशासन और वन विभाग को भी अवगत करा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इन बेसहारा पशुओं के कारण ग्रामीणों ने अपने बच्चों को घर के भीतर ही कैद कर लिया है। ये बेसहारा पशु जहां फसल को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा रहे हैं वहीं दूसरी ओर लोगों पर हमला कर उनको घायल भी कर रहे हैं।

BY: KP Tripathi

Published on:
14 Sept 2021 05:49 pm
Also Read
View All