बुलंदशहर

Breaking बुलंदशहर में दिवाली के अगले दिन जबरदस्‍त विस्‍फोट के साथ अवैध पटाखा फैक्‍ट्री धराशायी, 5 गंभीर

गोवर्धन के दिन बुलंदशहर की अवैध पटाखा फैक्‍ट्री में जबरदस्‍त विस्‍फोट, फैक्ट्री ढही, आसपास के घरों में भी आई दरारें

2 min read
Oct 20, 2017
Bulandshahar

बुलंदशहर. दिवाली के ठीक अगले दिन यानि आज जब देश गोवर्धन पूजा कर रहा है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा फैक्टरी में जबरदस्‍त धमाका हुआ है, जिसमें करीब 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्‍हें अानन-फानन में उपचार के लिए हायर सेंटर रैफर किया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया है।

खबर के मुताबिक विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पटाखा फैक्ट्री भी धराशायी हो गई है और आसपास के घरों में भी दरारें आ गई हैं। ये अवैध पटाखा फैक्टरी काली नदी के पास स्थित नई बस्ती के एक मकान में चल रही थी।

एक चश्मदीद ने बताया कि इरशाद, उनकी पत्नी और तीन बच्चे इस हादसे में घायल हुए हैं, जिन्हें हायर मेडिकल सेंटर रैफर कर दिया गया है। पहले इनको जिला अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर मेडिकल सेंटर रैफर कर दिया।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों की मदद से घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि इरशाद शादी इत्यादी के लिए पटाखे बनाता था। इस बार भी वह दिवाली के लिए पटाखे बना रहा था। इसके लिए उसने बारूद व अन्य सामान अधिक मात्रा में अपने घर में जमा किया हुआ था।

शु‍क्रवार को भी वह अपनी पत्नी व तीनों बच्चों के साथ पटाखा बनाने के काम में जुटा था कि अचानक यह हादसा हो गया। यहां यह भी बताना जरूरी है कि माननीय सुप्रीम कोर्ट ने एनसीआर में पटाखा बेचने पर रोक लगा रखी है, लेकिन उसके बाद भी बुलंदशहर में यह कारोबार चल रहा है।

एक अनुमान के मुताबिक कई लोकल फैक्ट्रि‍यों ने पटाखे बनाए, जिन्हें खुलेआम महंगे दामों पर बेचा गया। साथ ही खरीदारों ने भी जमकर पटाखे खरीदे और खूब आतिशबाजी की। खैर, इस पूरी व्यवस्था में सबसे नुकसान में इरशाद और उसका परिवार रहा।

Published on:
20 Oct 2017 12:11 pm